नारनौल। शहर में जाम एवं अतिक्रमण की समस्या से निजात पाने के लिए सड़क सुरक्षा संगठन एवं व्यापारी वर्ग के सदस्यों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन से मुलाकात की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
पुलिस प्रवक्ता विकास ने बताया की सड़क सुरक्षा संगठन व शहर के व्यापारी वर्ग के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन से उनके कार्यालय में मिले। इस दौरान शहर में बढ़ रही जाम एवं अतिक्रमण जैसी कुछ महत्वपूर्ण समस्याओं पर अपने विचार व्यक्त किए। इस संबंध में अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं के संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा गया। इसके अलावा इन सभी समस्याओं से निपटने के लिए बैठक में दिए गए सुझावों पर प्रकाश डाला गया। पुलिस अधीक्षक ने आरएसपी एवं व्यापारी वर्ग के लोगों को विश्वास दिलाया गया कि जिले में कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु कटिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि उनके संज्ञान में लाई गई इन सभी समस्याओं पर शीघ्र अमल किया जाएगा। इस अवसर पर सुरेश चौधरी, सुरजीत सिंह अरोड़ा, बेगराज गोयल, नरेश कुमार गोगिया, सुरेश चंद संघी, अनिल कुमार गोयल, रमेश अग्रवाल व मंजू सोनी आदि अन्य लोग उपस्थित थे।