दूसरे दिन भी नप कर्मचारियों ने दुकानदारों से अतिक्रमण हटाने की अपील की
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। नगरपालिका प्रशासन द्वारा शहर के बाजारों में अतिक्रमण हटवाने के लिए पिछले एक सप्ताह से दुकानदारों से अपील कर रहा है। लेकिन अभी तक दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया है। पिछले दो दिन से नगरपालिका के कर्मचारी दुकानदारों के समक्ष हाथ जोड़ कर अतिक्रमण हटवाने की अपील कर रहे हैं। दुकानदारों पर उनकी अपील का जरा भी प्रभाव नहीं दिखाई दिया है। नगरपालिका ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दे दी है कि बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान किसी भी दुकानदार का सामान बाहर रखा तो सामान जब्त कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को नगरपालिका कर्मचारी रेलवे रोड पर जाकर अतिक्रमण हटाने की अपील की थी। उनकी अपील का असर कहीं भी दिखाई नहीं दिया और अतिक्रमण लगातार जारी रहा।
नगरपालिका द्वारा छह जून से आठ जून तक शहर में मुनादी करवाई गई थी। मुनादी में शहर के दुकानदारों को सूचित किया था कि उनके पास आठ जून तक का समय है। तब तक वो अपना सामान अंदर कर लें। अन्यथा नगरपालिका प्रशासन अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ चालान करेगी। उसके बाद पिछले दो दिन से दुकानदारों से हाथ जोड़ कर अतिक्रमण हटाने की प्रार्थना की जा रही है।
दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार सूचित कर दिया गया है। अब बुधवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। दुकान से बाहर रखे गए सामान को जब्त किया जाएगा। पुलिस फोर्स जब तक मिलती रहेगी तब तक अभियान चलता रहेगा।
-हंसराज सोनी, सचिव, नगरपालिका महेंद्रगढ़।