कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
नारनौल। एआईयूटीयूसी व हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के आह्वान पर शुक्रवार को जिला महेंद्रगढ़ के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारी व मजदूर मांगों को लेकर चितवन वाटिका में एकत्रित होकर एक सभा का आयोजन किया। इसके बाद कर्मचारी व मजदूर अपनी मांगों को मनवाने के लिए शहर में एक विरोध प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने अपनी मांगों का ज्ञापन नायब तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सौंपा।
सभा की अध्यक्षता मंच के महासचिव मास्टर सुबेसिंह ने की, जबकि सभा का संचालन एआईयूटीयूसी के जिला सचिव सुभाषचंद्र ने किया। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर उन्होंने अवगत करवाया कि मिड डे मील वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर, आशा वर्कर, ग्रामीण चौकीदार, ग्रामीण सफाई कर्मचारी, डीटीएच चौकीदार, कंप्यूटर लैब सहायक सहित विभिन्न विभागों के कच्चे कर्मचारियों को नियमित सरकारी कर्मचारी का दर्जा देना, न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये प्रतिमास लागू करना, ठेका प्रथा व निजीकरण पर रोक लगाना, श्रम कानूनों का सख्ती से पालन करना, शिशुपालन केंद्रों को एक जनवरी 17 से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा टेकओवर करने के बाद उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र में बदल दिया, आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर का 12 मास का मानदेय व पोषाहार दिलवाना, भवन निर्माण में लगे मिस्त्री मजदूरों को मिलने वाला लाभ जो तीन वर्षों से रुका हुआ है उनका लाभ शीघ्र दिलवाना, नांगल चौधरी खंड की आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्परों का वर्ष 2014 का 3 मास का बकाया मानदेय शीघ्र दिलवाया जाए, गर्मी-सर्दी की छुट्टी लागू करना, 6 वर्ष से छोटे बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्रों में दाखिला अनिवार्य करना तथा केंद्रों में सभी सुविधा लागू करना, ग्रामीण चौकीदारों को छतरी व साइकिल तुरंत दिलवाना व रिटायरमेंट के बाद जिन चौकीदारों से काम जिला जा रहा है उनका मानदेय दिलवाना, ग्रामीण सफाई कर्मियों को गैस मास्क व सफाई के उपकरण दिलवाना तथा मानदेय सीधे उनके खातों के डलवाना, मिड डे मिल वर्करों को बेवजह न हटाना तथा हटाई गई वर्करों को वापिस लेना, सालाना दो डे्रस लागू करना, गर्मी-सर्दियों की छुट्टी का मानदेय न काटना, 15 बच्चों पर एक वर्कर लगाना, सभी स्कूलों में रसोई गैस देना, आशा वर्कर को रिटायरिंग रूम व सुरक्षा प्रदान करना, डीटीएच चौकीदार को बैटरी, सुरक्षा उपकरण तथा अलग से रूम प्रदान करना, सभी विभागों में वेतन व मानदेय हर मास उनके खाते में डालना, पुरानी व एक्सग्रेसिया नीति बहाल करना है।
इस मौके पर जिला प्रधान शेरसिंह, डीएसओ के जिला सचिव सतीश कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन की जिला प्रधान कृष्णा देवी, सचिव स्वीटी देवी ग्रामीण चौकीदार सभा के प्रधान रमेश कुमार निंबल, उपप्रधान सुबेसिंह, सचिव सुरेशचंद, आशा कार्यकर्ता यूनियन की जिला प्रधान आशा देवी, सचिव मधु, उपप्रधान सरला देवी, ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान जुगेश, सचिव महेंद्र सिंह, मिड डे मिल कार्यकर्ता यूनियन की जिला प्रधान पुष्पा देवी, सचिव बिमला देवी, कंप्यूटर लैब अटेंडेंट यूनियन के जिला प्रधान रोहतास ने आदि रहे।