अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। गांव मडलाना के पूर्व सरपंच ब्रह्मप्रकाश के घर जन्मी कन्या का मंगलवार देर सायं कुआं पूजन समारोह का आयोजन किया गया।
कृष्ण कुमार व अनिशा यादव के घर पुत्री के रूप में कन्या के जन्म होने पर कुआं पूजन कर समाज को बेटी के प्रति सम्मान बढ़ाने का संदेश दिया। इस मौके पर महिलाओं ने मंगल गीत गाकर कन्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुआं पूजन के बाद कन्या के परदादा मास्टर मातादीन तथा परदादी शांति देवी ने अपनी तरफ से नवजात कन्या के नाम एक लाख रुपये की राशि उनके नाम की तथा कन्या के चाचा रवींद्र यादव ने अपनी तरफ से एक किलो चांदी देने की घोषणा की। कन्या के दादा पूर्व सरपंच ब्रह्मप्रकाश व दादी माया देवी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनके घर में दशकों के बाद कन्या ने जन्म लिया है। उन्हें बेहद खुशी है।