बम बम भोले के जयकारों से गूंजे शिवालय
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शिवरात्रि का पर्व शुक्रवार को जिले में उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिरों में सुबह चार बजे से ही श्रद्धालु जुटना शुरू हो गए थे। हरिद्वार से कांवड़ लेकर शिवभक्तों और श्रद्धालुओं ने लाइन में लगकर जलाभिषेक किया। शिवरात्रि के पर्व पर शहर के प्राचीन मोडावाला मंदिर सहित अनेक शिवालयों में भक्तों की काफी भीड़ रही। इस दौरान बम-बम भोले के जयकारों से शिवालय गूंजते रहे। इस मौके पर शिवालयों को विशेष रूप से सजाया गया था। छोटा तालाब स्थित शिव मंदिर, मोटा महादेव मंदिर, शिव नगर स्थित महाकालेश्वर मंदिर व अन्य शिवालयों पर लोगों की भीड़ रही। इस अवसर पर जिले में कई जगहों पर भंडारे भी लगाए गए, जिनमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद चखा। कुछ मंदिरों में कीर्तन का आयोजन भी किया गया।
मंडी अटेली में भी मनाया शिवरात्रि का पर्व
मंडी अटेली। क्षेत्र में शिवरात्रि के पर्व पर शिवभक्तों ने हरिद्वार, गंगोत्री से झूला, खड़ी व डाक कांवड़ लाकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया। महिलाओं ने उपवास रखते हुए मंदिर में पूजा अर्चना की और फल व जल चढ़ाया। शिवरात्रि के पर्व पर शिव मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया। शुक्रवार सुबह बम-बम बोलो बम, जय भोले की, सारे बोलो-मिलकर बोलो बम-बम की जय जयकारों के बीच शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया।