अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। रेवाड़ी-बीकानेर रेल मार्ग पर गड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी करने तथा एक्सप्रेस ट्रेनों का कनीना खास रेलवे स्टेशन पर ठहराव करने की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों ने स्टेशन पर दो घंटे का सांकेतिक धरना दिया। इसके अलावा स्टेशन अधीक्षक दलीप सिंह को रेलमंत्री पीयूष गोयल के नाम ज्ञापन सौंपा।
कनीना वासी सुमेर सिंह चेयरमैन ने कहा कि कनीना को उपमंडल का दर्जा मिला हुआ है। जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि हुई है। इस क्षेत्र के हजारों लोग देश की राजधानी नई दिल्ली के अलावा जयपुर, बीकानेर, रेवाड़ी की ओर यात्रा करते हैं। यहां से सीधी ट्रेन न होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। इस क्षेत्र के सैनिक देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं जब वे अवकाश पर आते हैं तो उनको रेवाड़ी या महेंद्रगढ़ स्टेशन पर उतरना पड़ता है। उन्होंने दिल्ली-सराय रोहिल्ला, जोधपुर, बीकानेर आदि सभी एक्सप्रेस गाड़ियों का कनीना स्टेशन पर ठहराव की मांग की। जिसे पर सभी लोगों ने अपना समर्थन दिया। स्टेशन अधीक्षक दलीप सिंह ने धरनारत लोगों से कहा देश में हाई अलर्ट को देखते हुए रेलवे के अधिकारी व्यस्त हैं। जल्द ही रेल गाड़ियों के ठहराव की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
इस मौके पर सुनील कुमार, हरिराम मित्तल, बीरसिंह, पवन कुमार, सतराज सिंह, दलीप सिंह पार्षद वार्ड एक, कंवर सैन वशिष्ठ, नरेंद्र गुलिया, विनय एडवोकेट, जगमाल बोहरा, धनपत सिंह, गजराज सिंह उपस्थित थे।