डीईओ को मिली भिवानी और रेवाड़ी के शैक्षणिक खंडों को सक्षम बनाने के जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा संचालित सक्षम हरियाणा अभियान में अब जिला महेंद्रगढ़ के शिक्षा अधिकारी मुकेश लावनिया को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
एडिशन चीफ सेक्रेटरी राकेश गुप्ता के निर्देशानुसार मुकेश लावानिया अब भिवानी, सिरसा व रेवाड़ी जिलों के शैक्षणिक खंडों को सक्षम बनाने के लिए प्रेरित करेंगे। इसी कड़ी में सोमवार को लावानिया और उनकी टीम ने जिला भिवानी में सक्षम हरियाणा सेमिनार को संबोधित किया। जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावानिया, नोडल अधिकारी संजय शर्मा और शिक्षक उमेश कुमार ने जिला भिवानी के गीगनाऊ में आयोजित एक दिवसीय सेमिनार में भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप महेंद्रगढ़ के जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावानिया मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता भिवानी के डीईओ सुरेश शर्मा ने की। इस अवसर पर शिक्षकों को संबोधित करते हुए लावानिया ने कहा कि शिक्षक और बच्चों को सक्षम बनाए बिना सक्षम हरियाणा के लक्ष्य को पाना एक चुनौती है। अध्यापक, अधिकारी और अभिभावकों के साथ-साथ बच्चे मिलकर कार्य करे तभी इस लक्ष्य को पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सक्षम होना कठिन नहीं अपितु उस सक्षमता को बरकरार रखना कठिन है। अध्यापक अगर समर्पण भाव से अपने कर्तव्य का निर्वहन करता है तो जिले के खंडों को सक्षम बनने से कोई नहीं रोक सकता।