अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी।
इनेलो कार्यकर्ताओं की एक बैठक सोमवार को नांगल चौधरी के रामभवन धर्मशाला में जिला प्रधान सतबीर नौताना की अध्यक्षता में हुई। जिसमें पूर्व विधायक मूलाराम चौधरी व जिला प्रभारी पूर्व एमएलए रघुबीर छिल्लर मुख्य रूप से मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि एसवाईएल के निर्माण पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आ चुका। पंजाब सरकार को हरियाणा के हिस्से का पानी तुरंत छोड़ने के निर्देश हैं। आदेशों को एक साल से अधिक समय बीत चुका है, परंतु अभी तक एसवाईएल निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। पंजाब सरकार पर दबाव बनाने में प्रदेश की भाजपा सरकार विफल हो रही है। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। पलाव नहीं होने के कारण 70 फीसदी जमीन पर बीजाई संभव नहीं हुई। एसवाइएल निर्माण के लिए केवल इनेलो संघर्ष कर रही है। सात मार्च को दिल्ली में किसान रैली आयोजित होगी। इस मौके पर जिला प्रधान सतबीर नौताना, सतबीर बढेसरा, छोटेलाल गहली, हजारीलाल लंबोरा व भीम सिंह सहरावत आदि मौजूद थे।