लुहारों को हटाया तो डीसी निवास के सामने लगाया जाम
-जाम के कारण हुई लोगों को परेशानी, कई वर्षों से रह रहे लुहारों को नगर परिषद ने हटाया
फोटो नंबर 15 से 18
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। नगर परिषद की ओर से हुडा सेक्टर में उपायुक्त निवास के पीछे कई वर्षों से झुग्गी झोपड़ियों में रह रहे लुहार समुदाय के लोगों को हटाए जाने के विरोध में उन्होंने मंगलवार दोपहर बाद करीब तीन बजे महेंद्रगढ़-दादारी स्टेट हाइवे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे नगर परिषद के ईओ व महावीर चौकी प्रभारी सज्जन सिंह प्रभारी ने लुहार समुदाय के लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। करीब आधा घंटे लगे जाम के चलते सड़क मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इससे वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम लगा रहे लुहार समुदाय के लोगों ने बताया कि वे हुडा सेक्टर पिछले करीब 15 वर्षों से झुग्गी-झोपड़ी डालकर अपना व अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रहे हैं, लेकिन मंगलवार को नगर परिषद ईओ अभय सिंह ने उन्हें अपनी झुग्गी-झोपड़ियों के साथ रघुनाथपुरा के पास नगर परिषद की खाली पड़ी जमीन पर रहने के निर्देश दिए हैं। लुहार समुदाय के लोगों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से यहां रहने के कारण उनके राशन कार्ड व आधार कार्ड भी इसी पते पर बन गए हैं। इसके साथ ही उनके बच्चे भी स्कूल में पढ़ने के लिए जाते हैं, जबकि रघुनाथपुरा शहर से 4 से 5 किलोमीटर की दूरी पर पड़ता है। ऐसे में अगर उन्हें यहां से हटाकर रघुनाथपुरा भेज दिया गया तो उनके बच्चे स्कूल नहीं जा पाएंगे।
हुडा निवासियों ने डीसी को शिकायत देकर हटाने की थी मांग
नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि डीसी निवास के पीछे झुग्गियों में रह रहे लुहार समुदाय के लोगों की ओर से आसपास गंदगी फैलाने, रात के समय शराब आदि पीकर लड़ाई-झगड़ा करने और गालियां देने से आसपास का माहौल खराब हो रहा है। इस संबंध में हुडा निवासियों ने उपायुक्त को एक शिकायत देकर उन्हें यहां हटाने की मांग की थी। इस आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
झुग्गी-झोपड़ी नहीं हटाई तो होगी कार्रवाई
नगर परिषद अधिकारियों ने लुहार समुदाय के लोगों को बुधवार 12 बजे तक अपनी झुग्गी-झोपड़ियों को यहां से नहीं हटाने का समय दिया गया है। अगर इस समय अवधि के दौरान उन्होंने अपनी झुग्गी झोपड़ियों को नहीं हटाया तो मजबूरन नगर परिषद को यह कार्रवाई करनी होगी।
पिछले कुछ दिनों से उपायुक्त को हुडा निवासियों की ओर से लुहार समुदाय के लोगों की शिकायत मिल रही थी। इन शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।
-अभय सिंह यादव, ईओ, नगर परिषद नारनौल।