अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। राजकीय महाविद्यालय के प्रांगण में प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में व्यक्तित्व विकास पर विस्तृत व्याख्यान हुआ। इसमें इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर के प्रो. सुभाष चंद शर्मा मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एलएन शर्मा ने की। इस अवसर पर प्रो. सुभाष चंद ने विद्यार्थियों को नेतृत्व के गुणों को विकसित करने पर बल दिया।
उन्होंने बताया कि व्यक्तित्व विकास के लिए बाह्य रूप की सिर्फ एक प्रतिशत भूमिका होती है, जबकि 99 प्रतिशत भूमिका आपके दृष्टिकोण की होती है। उन्होंने अंग्रेजी विभाग के कार्यक्रम में अंग्रेजी साहित्य के प्रसिद्घ लेखक मारलो द्वारा रचित डॉ. फॉस्टस पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने मारलो के अंग्रेजी नाटक परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान का जिक्र करते हुए बताया कि डॉ. फॉस्टस के पतन में उनके अहंकार और अति महत्वकांक्षा की बड़ी भूमिका थी। अर्थशास्त्र विभाग द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था विषय पर एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। इसमें महाविद्यालय के विभिन्न संकायों की पांच टीमों ने भाग लिया। अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. डॉ. लक्ष्मीनारायण यादव ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल संचालन किया। इसमें मोनू, कर्मवीर और लोकेश यादव की टीम डी प्रथम रही। महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. महेश सिंह यादव ने विद्यार्थियों को प्लेसमेंट सेल की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर प्रो. बीआर यादव, प्रो. एसके जोशी, डॉ. वेद प्रकाश यादव, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. अशोक कुमार यादव, डॉ. सुधीर, जितेंद्र सिंह, डॉ. बलजीत सिंह, पूजा रानी, ईश्वर यादव सहित महाविद्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित था।