अटेली। हरियाणा विधानसभा की डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने सोमवार को जिले के विभिन्न गांवों में लाखों रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव भी मौजूद थे।
यादव ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास करवाने को कृत संकल्प है। हलके के लिए नहरी पानी आधारित पेयजल परियोजना गांव भालखी में 25 एकड़ जमीन पर बनेगा। यहां से 55 अटेली विधानसभा के गांव तथा एक गांव महेंद्रगढ़ विधानसभा तथा पांच गांव नारनौल विधानसभा क्षेत्र के होंगे, जिनमें यहां से पेयजल मुहैया होगा।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि हलके में बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत में और अधिक तेजी लाई जाएगी। इसके बाद एक भी सड़क ऐसी नहीं रहेगी जिसमें गड्ढे हों। उन्होंने कहा कि अटेली व कनीना में अग्निशमन केंद्र खोला जाएगा। इसकी मंजूरी सरकार से मिल चुकी है। डिप्टी स्पीकर ने गांव बजाड़ में एक लाख रुपये की लागत का वाटर कूलर, 2.25 लाख की लागत से चौपाल के सुधारीकरण का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंनेे गांव में पानी का बोर, सामुदायिक केंद्र, शमशान घाट का टीन शेड व पक्का रास्ता करवाने की घोषणा भी की।
इस मौके पर नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि राज्य सरकार एसवाईएल के पानी दक्षिणी हरियाणा के खेतों में लाकर रहेगी। इस काम के लिए नहरों का सुधारीकरण के लिए राज्य सरकार ने 2 हजार करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस मौके पर नगरपालिका चेयरमैन विकास यादव, ब्लाक समिति चेयरमैन राजेंद्र, वायस चेयरमैन मंजू यादव, बजाड़ की सरपंच सरोज देवी, गणिहार की सरपंच बीना देवी, चंदपुरा के सरपंच राजेंद्र व सुजापुर की सरपंच शर्मिला देवी आदि मौजूद थे।