महेंद्रगढ़। नगरपालिका की ओर से 18 सितंबर को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में बीडीपीओ निशा तंवर को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा नगरपालिका की ओर से एक टीम गठित की गई है। टीम में एमई सोहन सिंह, बीआई रूपेश तथा पटवारी शामिल हैं। अगर राजनीति हस्तक्षेप नहीं हुआ तो सोमवार को अभियान शुरू हो जाएगा।
नगरपालिका शहर के शाॅपिंग कॉम्प्लेक्स के बरादमदे खाली करवाने के लिए दुकानदारों को दो बार नोटिस दे चुकी है। नोटिस में एक बार तीन दिन तथा दूसरी बार दो दिन का समय दिया गया था। उसके बाद एक बार मुनादी भी करवाई जा चुकी है। नगरपालिका का रूख देखकर दुकानदारों ने बरामदे लगाए गए फर्नीचर नट-बुल्ट तो खोल लिए हैं लेकिन उनको खाली नहीं कर रहे। नपा चेयरमैन रमेश सैनी ने बताया कि अतिक्रमण के लिए दो जेसीबी तथा तीन ट्रेक्टर हायर किए गए हैं। इसके अलावा अतिक्रमण की वीडियो ग्राफी करवाई जाएगी। अतिक्रमण के समय पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के दिन किसी प्रकार की कोई रिहायत नहीं रहेगी। उस दिन केवल कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।