अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। नगर परिषद में सीएम घोषणा के कार्यों को चार साल में सिरे चढ़ नहीं पाया हैं। सीएम ने नारनौल में खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अभी जमीन पर विवाद है। इसे नसीबपुर गांव में बनाया जाना है। सीएम ने इसकी घोषणा 21 अक्तूबर 2015 को किया था। इसी दिन झलक नाले के सौंदर्यीकरण की घोषणा की थी। 28 करोड़ रुपये की लागत से नाले के होने वाले कार्य के लिए अभी तक नप को ठेकेदार नहीं मिल सका है। तीसरा शहर में शॉपिंग कांप्लेक्स बनाया जाना है।
इस बारे में एडीसी महावीर प्रसाद ने कहा कि नसीबपुर में खेल स्टेडियम बनाने को लेकर सरकार गंभीर है। उन्होंने बताया कि गांव की जमीन को एमसी एरिया में शामिल किया जाना था। इसकी कमियों को पूरा कर विभाग को भेजा जा चुका है। युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नसीबपुर में खेल स्टेडियम बनेगा। इसके लिए जमीन का मामला पंचायत विभाग को भेजा हुआ है। जमीन विभाग के नाम होते ही इसके निर्माण का काम शुरू करवा दिया जाएगा। मंगलवार को मीडिया सेंटर में आयोजित मासिक प्रेसवार्ता एसडीसी ने कहा कि वे खुद भी व्यक्तिगत स्तर पर इस मामले को देख रहे हैं। मुख्यालय द्वारा जल्द ही जमीन ट्रांसफर की कार्रवाई शुरू हो जाएगी और उसके बाद इसे जल्द से जल्द बनाया जाएगा। शहर के छलक नाले के संबंध में पूछे गए सवाल पर एडीसी ने कहा कि इसकी सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। 28 करोड़ में होने वाले इस कार्य का जल्द ही टेंडर खुलेगा। पुराने कोर्ट में बनने वाले शॉपिंग कांप्लेक्स के बारे में बताया कि यह कार्य बड़ा है। इसके लिए एडवाइजर व कंसलटेंट की नियुक्ति की जा रही है। शहर में पांच करोड़ के अन्य विकास कार्यों का टेंडर हो चुके हैं। इस मौके पर नगर परिषद के सचिव नवलकिशोर व सेनेटरी इंस्पेक्टर मुुकेश कुुमार भी मौजूद थे।
15 वार्डों में घर-घर कूड़ा उठाने का काम जारी
एडीसी ने बताया कि शहर को साफ-सूथरा रखने के लिए 15 वार्डों में घर-घर कूड़ा उठाने का काम किया जा रहा है। इस काम में आठ छोटे वाहन लगाए गए हैं वहीं छह ट्रैक्टर-ट्रॉली भी कूड़ा उठाने के काम में लगी हुई हैं। नगर परिषद नारनौल में कुल 224 कर्मचारी हैं। इनमें 50 कर्मचारी आउटशोर्स तथा 123 कर्मचारी पे-रोल पर हैं। वहीं 41 स्थायी कर्मचारी तैनात हैं। नप में एक जेसीबी, एक डंपर प्लेसर, एक मिनी लोडर व आठ छोटे वाहन हैं।