डीसी ने किया सुभाष पार्क का दौरा, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
नारनौल। नेता जी सुभाष चंद्र जयंती पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नारनौल आगमन को लेकर उपायुक्त डा. गरिमा मित्तल ने शुक्रवार को सेक्टर एक स्थित सुभाष पार्क का दौरा किया तथा अधिकारियों की जिम्मेदारी सौंपी। 23 जनवरी को सुभाष जयंती पर होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नेता जी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति पर पुष्प अर्पित करेंगे तथा यहीं पर आजाद हिंद फौज के जीवित सेनानियों को सम्मानित करेंगे। उपायुक्त ने नेता जी सुभाष पार्क में लगभग एक घंटे तक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई के अलावा कार्यक्रम की अन्य तैयारियों के बारे में अधिकारियों से मंत्रणा की।
उल्लेखनीय है कि सुभाष जयंती पर होने वाले इस कार्यक्रम के लिए नेता जी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति के बिल्कुल सामने मुख्य स्टेज बनाया जाएगा। उसके सामने सुरक्षा की दृष्टि से डी बनाई जाएगी तथा उसके बाद अलग-अलग सेक्टर बनाकर आगंतुकों को कुर्सियों पर बैठाया जाएगा। इस मौके पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा जयंती से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त धर्मेन्द्र सिंह, एसडीएम महेंद्रगढ़ विक्रम सिंह, एसडीएम नारनौल जगदीश प्रसाद के अलावा बीएंडआर के एक्सईएन दर्शन व अन्य अधिकारी मौजूद थे।