दैनिक रेलयात्री संघ के लोगों ने स्टेशन मास्टर को मांगो का सौंपा ज्ञापन
महेंद्रगढ़। दैनिक रेलयात्री संघ ने मांगों को लेकर स्टेशन मास्टर प्रदीप कुमार को डीआरएम बीकानेर के नाम का ज्ञापन सौंपा। दैनिक रेलयात्री संघ के प्रधान सुंदरलाल जोरासिया के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन के माध्यम से अनेक मांगें की गई। ज्ञापन के माध्यम से बताया कि पढ़ाई, नौकरी, व्यापार के लिए महेंद्रगढ़ स्टेशन से लोगों का गुरूग्राम व दिल्ली की तरफ आवागमन रहता है। लेकिन उत्तर-पश्चिम रेलवे ने रेवाड़ी जंक्शन पर ही सभी 6 पैसेंजर गाड़ियों को रोक दिया है। लंबे समय से गाड़ी संख्या 54809 व 10 को दिल्ली तक बढ़ाने या उत्तर रेलवे की गाड़ी के साथ लिंक करने के लिए मांग की जा रही है। इसके अलावा दिल्ली से जैसलमेर वाया महेंद्रगढ़-बीकानेर के लिए अनतोदया चलाई जाए या 22471-72 को जैसलमेर तक विस्तार करने, 14055-56 को गंगानगर तक विस्तार करवाने, हावड़ा से बाडमेर वाया महेंद्रगढ़ आईआरटीटीएम में पास साप्ताहिक गाड़ी को शीघ्र शुरू करवाने, कई गाड़ियों के समय परिवर्तन, चरखी दादरी से अलवर नई लाइन बनवाने, 22471 में 2-एस सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की गई। इस अवसर पर श्यामसुंदर शर्मा, रतिराम, मथुरा दास, बुधराम, राजेंद्र, उपेंद्र, धर्मेंद्र खुराना, नरेश सहित अनेक लोग उपस्थित थे।