लापरवाही पर एंबुलेंस चालक को डिसमिस करने का भेजा पत्र
-हादसे में मरने वालों की संख्या हुई चार
अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। बूढ़वाल के नजदीक हुए सड़क हादसे में प्रथमदृष्टया एंबुलेंस चालक की लापरवाही साबित हुई है। उसे बर्खास्त करने के लिए सीएचसी के एसएमओ डॉ. अरुण कालरा ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया। शनिवार को उन्होंने चिकित्सक व अन्य स्टाफ कर्मियों को निष्ठा पूर्वक ड्यूटी के निर्देश दिए। वहीं इस हादसे में मरने वालों की संख्या अब चार हो गई है। सभी एक ही परिवार के हैं। इनमें शुक्रवार को मारे गए चालक राजाराम के पिता सेढूराम के अलावा उनके ही परिवार के श्योराम व हरिराम शामिल हैं। हादसे में मारे गए अन्य तीनों ने नांगल चौधरी से जयपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था।
गौरतलब है कि शुक्रवार को कांसली निवासी राजाराम साले की शादी में शामिल होने पचेरी (राजस्थान) जा रहे थे। उसके साथ गाड़ी में पत्नी सुमन समेत सात अन्य परिजन बैठे थे। बूढ़वाल के पास एक ट्राले को क्रॉस कर रहा था, तभी सामने से एक ट्रक आ गया। संतुलन बिगड़ने के कारण जायलो गाड़ी सीधी ट्रक में घुस गई। हादसे में जायलो चालक राजाराम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को नांगल चौधरी सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। इस दौरान पीड़ितों को विभागीय एंबुलेंस नहीं मिली। इससे आक्रोशित भीड़ ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि चालक ने जानबूझकर एंबुलेंस को छिपा दिया। शिकायत मिलने पर सीएचसी के एसएमओ डॉ. अरुण कालरा ने कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
एसएमओ डॉ. अरुण कालरा ने बताया कि एंबुलेंस चालक ईश्वर सिंह कांट्रेक्ट पर नौकरी करता है। ड्यूटी के दौरान उन्होंने कोताही बरती है। उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को डिसमिस करने की सिफारिश भेज दी।