बिजली कर्मी ड्यूटी पर मरा तो परिजनों को मिलेंगे 35 लाख : शत्रुजीत
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। हरियाणा बिजली निगम के चेयरमैन शत्रुजीत सिंह कपूर ने कहा कि यदि हरियाणा बिजली निगम के किसी कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान मौत हो जाती है तो अब स्थायी कर्मचारी के परिजनों को 35 लाख, जबकि अस्थाई कर्मचारी के परिजनों को 20 लाख रुपये मिलेंगे। कर्मचारियों का जिस बैंक में सैलरी खाता है, उसमें उनका जोखिम बीमा होगा। स्थायी कर्मचारी की मौत होने पर 25 लाख रुपये बैंक से बीमा के तौर पर, जबकि 10 लाख रुपये मुआवजा निगम तुरंत देगा। इसी प्रकार अस्थाई कर्मचारी के परिजनों को 10 लाख रुपये बैंक से बीमा के तौर पर और 10 लाख रुपए निगम से दिए जाएंगे।
कपूर वीरवार को स्थानीय पंचायत भवन में निगम की योजना के तहत प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिले के 225 अधिकारियों और कर्मचारियों को लगभग 11 लाख रुपये के चेक प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किए। निगम के चेयरमैन ने बताया कि तीन-चार माह बाद निगम को एमसीबी (मीटर कनेक्टिंग बोर्ड) सहित मीटर की सप्लाई शुरू हो जाएगी। ये मीटर पूरी तरह से सुरक्षित हैं। इनमें छेड़छाड़ संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि बिजली वितरण प्रणाली में कई वर्षों से कुछ विसंगतियां आ गई थी। अब उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। 15 अगस्त से प्रदेश के एक हजार गांवों में 24 घंटे बिजली सप्लाई शुरू कर दी है। धीरे-धीरे सभी गांवों में लाइन लॉस कम करके उपभोक्ताओं को गुणवत्ता पूरक ऊर्जा मुहैया कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ में सभी 76 फीडरों को एक जनवरी 2018 तक म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत चालू कर दिया जाएगा। जनवरी से जिले में ग्रामीण फीडरों पर भी 24 घंटे बिजली सप्लाई का लक्ष्य रखा है। इस मौके पर दिल्ली जोन के मुख्य अभियंता आपरेशन संजीव चोपड़ा, निदेशक एसके बंसल, कोऑर्डिनेटर वीपी ठाकुर, अधीक्षक अभियंता टीसी कंसल, एक्सईएन जेपी दहिया आदि अधिकारी मौजूद थे।
11 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक दिए
निगम के चेयरमैन शत्रुजीत कपूर ने इस दौरान उन्होंने सहायक उप निरीक्षक हरपाल सिंह को 88 लाख की रिकवरी एक माह में करवाने पर निगम की ओर से 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।