नारनौल। नगर परिषद नारनौल में शामिल 14 गांवों से आठ गांव बाहर होंगे। इसके लिए नप ने रिपोर्ट बनाकर चंडीगढ़ भेज दिया है। इससे पहले इन गांवों से जिला प्रशासन ने आपत्ति/ सुझाव मांगा था।
बता दें कि अक्टूबर 2015 को सीएम मनोहरलाल ने नारनौल की विकास रैली में शहर से पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों को नगर परिषद में शामिल करके उन्हें शहरों जैसी सुविधा उपलब्ध करवाने की घोषणा की थी। सीएम की घोषणा के मुताबिक शहर से पांच किलोमीटर के दायरे में 14 गांवों में जैसे मीरपुर, नसीबपुर, नूनी-अव्वल, पटीकरा, कोजिंदा, शाहरपुर अव्वल, रघुनाथपुरा, किरारोद अफगान, ताजीपुर, लुतुफपुर व रसुलपुर (बेचिराग) गांव शामिल है। जिसे लेकर साल 2017 में नोटिफिकेशन जारी कर इन गांवों में नप में शामिल करने की घोषणा की गई थी। हालांकि अभी इन गांवों की जिम्मेदारी नप को नहीं मिली है। दूसरी ओर कुछ गांवों के लोगों ने अपने को नप में शामिल होने पर ऐतराज जताया। जिस पर सरकार ने आठ गांवों को नप एरिया से बाहर करने की प्रक्रिया शुरू की थी इन गांवों के नप में शामिल होने से पंचायतें खत्म हो रही थी। ऐसे में गांवों की चौधर करने वाले लोग बाहर आने का प्रयास कर रहे हैं। दूसरा कुछ गांवों क्रशर लगे हुए हैं। जबकि, नप एरिया के गांवों में क्रशर नहीं लग सकता। सामाजिक कार्यकर्ता तेजपाल ने बताया कि कुछ गांव इस वजह से भी नप से बाहर करने की तैयारी है।
इन गांवों को है आपत्ति
गांव मीरपुर, कोजिंदा, शाहरपुर अवल, रघुनाथपुरा, किरारोद अफगान, ताजीपुर (बेचिराग), लुतुफपुर (बेचिराग) व रसूलपुर (बेचिराग) गांव के लोगों को नगर परिषद क्षेत्र से बाहर करने की योजना है। करीब मार्च में जिला प्रशासन ने लोगों से आपत्ति/ सुझाव मांगा था। इसके बाद अब आठ गांवों को नप के बाहर निकालने का निर्णय लिया गया है। नप की चेयरमैन भारती सैनी ने कहा कि नप में शामिल आठ गांवों बाहर किए जाने की योजना है। चेयरमैन ने कहा कि इन गांव को बाहर करने का फैसला सरकार को लेना है।
यह होगा नुकसान
नप में शामिल होने से गांव में पानी, साफ-सफाई और विकास कार्यों की नगर परिषद की हो जाएगी। इसके लिए गांव में वार्ड पार्षद होंगे। इससे नप का शहरी दायरा बढ़ेगा। दूूसरी ओर नप में शामिल न होने से गांव में पंचायत चुनाव होगा और सभी कार्य सरपंच के जिम्मे होगा। किरारोद अफगान के सरपंच आशीष ने बताया कि गांव का कोई भी कार्य होने पर कमेटी में जाना होता। अभी सरपंच के माध्यम से होता है।
यह गांव होंगे शामिल-
नसीबपुर, नूनी अव्वल, पटीकरा, शेखपुरा, ताजीपुर (बेचिराग) व लुतुफपुर (बेचिराग) शामिल है।