महेंद्रगढ़। शहर की सब्जी मंडी का विस्तार बहुत जल्द होने जा रहा है। मंडी का विस्तारीकरण वर्तमान सब्जी मंडी के पीछे खाली पड़ी एक एकड़ जगह पर बनाई जाएगी। हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड की ओर से 140 लाख रुपये का प्रपोजल बनाकर भेज दिया गया है। अगले महीने इसकी अप्रूवल आने की संभावना है। अप्रवूल आने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों की माने तो अगस्त महीने में इस पर काम शुरू होने की संभावना है।
शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने 21 जुलाई 2018 को सब्जी मंडी में बाजरा रैली आयोजित की थी। इस रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी। रैली में शिक्षामंत्री की सिफारिश पर मुख्यमंत्री ने सब्जी मंडी के विस्तारीकरण पर मोहर लगा दी थी। इसके बाद नगर पालिका ने सब्जी मंडी के पीछे खाली एक एकड़ जमीन मार्केट कमेटी के नाम से कर दी थी। कुछ दिन पहले हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड महेंद्रगढ़ ने 140 लाख रुपये का प्रपोजल बनाकर भेजा है। अधिकारियों की ओर से मंडी का मैप फाइनल हो गया है। अप्रवूल आने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेंडर ओपन होने के बाद जमीन की लेवलिंग काम शुरू होगा।
ये रहेंगी सुविधाएं
नई मंडी के अंदर लगभग 15 बाई साढ़े 37 की 10 दुकानें बनाई जाएंगी। मंडी में 12 बाई साढ़े 27 के 11 बूथ भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा दो प्लेटफॉर्म तथा एक टीन शेड बनेगा। नक्शे में मंडी के चारों ओर की दीवार भी बनाई जाएगी।
रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
सब्जी मंडी के विस्तार से रोजगार के अवसर पर बढ़ेंगे। वर्तमान मेें महेंद्रगढ़ सब्जी मंडी में लगभग दो से तीन हजार लोगों को रोजगार मिला हुआ है। इसके विस्तारीकरण होने के बाद अन्य लोगों को भी रोजगार मिलेगा। इसके अलावा मंडी के अंदर की भीड़ से भी निजात मिलेगी।
मासाखोर लेंगे राहत की सांस
वर्तमान सब्जी मंडी में 300 मासाखोर बैठकर अपनी रोजी रोटी कमा रहे हैं। इस सरकार में लगभग चार बार ऑक्शन की तारीख आई थी। दो बार मार्केट कमेटी के सचिव अपने लावा लश्कर के साथ उनको तोड़ने भी आ गए थे। बाद में निदेशक को ऑक्शन रद्द करना पड़ा था। मंडी विस्तार के बाद मासाखोर राहत की सांस लेंगे।
एक एकड़ जमीन कुछ समय पहले मार्केट कमेटी के नाम ट्रांसफर हो चुकी है। जिस पर मंडी का विस्तार किया जाएगा। सीएम घोषणा के अनुसार इसके लिए काम किया जाना है। इसके लिए मैप बनाकर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दिया गया है।
- नुकुल यादव, सचिव, मार्केट कमेटी।