महेंद्रगढ़। जिले के छह स्कूलों को अपग्रेड कर सीनियर सेकेंडरी का दर्जा दिया गया है। जबकि एक प्राथमिक विद्यालय को अपग्रेड कर माध्यमिक विद्यालय बनाया गया है, जिससे 14 गांवों के करीब 40 हजार लोगों को फायदा होगा। शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने इन स्कूलों में पहुंचकर कार्यक्रम में अपग्रेडेशन कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इसी सत्र से यहां कक्षाएं लगना शुरू हो जाएंगी।
शुक्रवार को गांव भांडोर ऊंची, ढ़ाढोत, बलाना, राजावास, जेरपुर, नांगलमाला के सेकेंडरी स्कूलों को अपग्रेड करते हुए सीनियर सेकेंडरी किया। इन स्कूलों में अगले सत्र से बारहवीं तक की कक्षाएं लगेंगी। स्कूलों को अपग्रेड करने के कार्यक्रम में पहुंचे शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में गलत शिक्षा नीति के कारण विद्यार्थी का सरकारी स्कूलों से ध्यान भटक गया था। मौजूदा सरकार की शिक्षा नीति के चलते पिछले साल निजी स्कूल छोड़कर बच्चे सरकारी स्कूलों में पहुंचे। करीब 56 हजार बच्चों ने निजी स्कूल छोड़कर सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया। इस बार यह आंकड़ा एक लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। भिवानी जिले के पुर गांव के सरकारी स्कूल के विद्यार्थी दीपक चौहान ने 12वीं की परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करके हरियाणा का नाम रोशन किया। महाविद्यालयों में कार्यरत अतिथि प्रवक्ताओं के 25 हजार से बढ़ा कर 57700 करने का काम किया है। 10वीं में महेंद्रगढ़ के नौ सरकारी स्कूलों का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा था। राजकीय कॉलेज सतनाली व महिला कॉलेज महेंद्रगढ़ में इसी सत्र से साइंस की कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह सांगवान, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त, खंड शिक्षा अधिकारी दिलबाग सिंह, आरपी कौशिक, देवेंद्र शर्मा, राजेश शर्मा झाड़ली, कालीचरण यादव, राजेश यादव, बीडीपीओ झाबरमल, मोनिका यादव, मार्केट कमेटी चेयरमैन कंवर डालू सिंह, एसडीएम विनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शिक्षामंत्री ने गिनाए विकास कार्य
शिक्षामंत्री ने विकास कार्य गिनाते हुुए कहा मौजूदा सरकार ने भांडोर ऊंची में एक करोड़ 25 लाख 32 हजार, ढ़ाढोत में एक करोड़ 78 लाख 26 हजार, बलाना में 5 करोड़ 29 लाख 87 हजार, राजावास में सात करोड़, जेरपुर में डेढ़ करोड़, नांगलमाला में एक करोड़ 23 लाख रुपये विभिन्न विकास कार्य कराए हैं।
मौके पर मंजूर किए 65 लाख
गांव भांडोर ऊंची में अपग्रेड किए गए सरकारी स्कूल में कमरों एवं मरम्मत के लिए 25 लाख रुपये देने का एलान किया। ग्राम पंचायत की 11 मांगों को स्वीकृत किया। ढ़ाढ़ोत में 20 लाख, बलाना में 20 लाख रुपये, राजावास, जेरपुर व नांगलमाला के स्कूलों के रख-रखाव के लिए बजट देने का एलान किया।
स्कूलों के लिए 400 करोड़ का बजट
शिक्षामंत्री ने कहा स्कूलों के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। राजकीय विद्यालयों की दिशा व दशा सुधारने के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। गरीबों व मेधावी बच्चों के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि व पोर्टल का प्रावधान अलग से किया गया है। स्कूलों को निजी स्कूलों की तरह से चमकाया जाएगा।