नारनौल। सोमवार को दोपहर बाद शहर में हुई हल्की बारिश के बाद कई जगहों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। नगर परिषद द्वारा बरसात से पहले नाली व नालों की सफाई न करवाने से बरसात के पानी की निकासी न होने से जलभराव हो रहा है। शहर के सीआईए रोड पर हल्की शहर से सड़क पर करीब एक फुट पानी भर गया। जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी हेमंत चौबे ने बताया कि नालियों की सफाई न होने के कारण पानी की निकासी न होने से जलभराव हो रहा है। जलभराव की समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद को लिखित में शिकायत दे चुके है। लेकिन नगर परिषद के अधिकारी उनकी समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे है। तेज बारिश के समय तो घरों में पानी घूस जाता है। वहीं सड़क पर करीब एक सप्ताह तक जलभराव रहता है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने के कारण यह समस्या सामने आ रही है। सड़क बनाने के दौरान पानी निकासी का बेहतर इंतजाम नहीं किया गया।
नगर परिषद की लापरवाही के कारण लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। शिकायत करने के बावजूद भी नगर परिषद इसे गंभीरता से नहीं लेता। इससे शहर से बाहर जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। -मातादीन राजोरिया,सीआईए रोड।
नगर परिषद सड़क को बनाते समय पानी निकासी के बेहतर इंतजाम नहीं किया। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सीआईए रोड पर हल्की बारिश से जलभराव हो जाता है। नगर परिषद को पानी की निकासी का स्थाई समाधान करना चाहिए। -गोपाल, स्थानीय निवासी।
सीआईए रोड पर वाहनों का काफी दबाव होता है। लोग नांगल चौधरी जाने के लिए इस रोड का इस्तेमाल करते हैं। बरसात के समय जलभराव होने से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में नगर परिषद को पानी की निकासी का स्थाई समाधान करना चाहिए। -ललित, स्थानीय निवासी।
सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। पानी निकासी के लिए जो पाइप लगाया है वह नाकाफी है। बेहतर होगा की नगर परिषद को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए इस जगह रिचार्ज बोर करवाना चाहिए। जिससे बारिश का पानी इसमें जा सके और जलभराव को लोगों को मुक्ति मिल सके। - रामू सैनी, स्थानीय निवासी।