महेंद्रगढ़। विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश सरकार शेष घोषणाओं को पूरा करने के लिए पूरी ताकत से जुट गई है ताकि आने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश में भाजपा के प्रति एक माहौल बनाया जा सके। माधोगढ़ किले के बाद अब मराठाकालीन युग के महेंद्रगढ़ किले के जीर्णोद्धार का कार्य भी रविवार से शुरू हो गया है। 13.90 करोड़ रुपये से किले का जीर्णोद्धार किया जाएगा। पर्यटन विभाग किले को प्राचीन विरासत में डेवलप करने के साथ-साथ आधुनिक लुक भी देगा। सैलानियों को किले को देखकर जहां पुरानी विरासत की अनुभूति होगी वहीं उनको नया लुक भी देखने को मिलेगा। किले के अंदर मिनी म्यूजियम, वीआईपी रेस्टोरेंट बनाए जाएंगे। इसके अलावा पत्थरों शिलाओं पर 200 वर्ष पुराने चित्र उकेरें जाएंगे। विभाग की ओर से जयपुर की राजपूताना कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को ठेका दिया गया है। कंपनी के डायरेक्टर अनिल तांबी ने बुधवार को साइट का निरीक्षण भी किया था। यह कंपनी राजस्थानी की राजधानी जयपुर में पुरानी पिंकी सिटी के जीर्णोद्धार पर काम कर रही है। आमेर किला, आमेर किले के पास बावड़ी, पर काम कर चुकी है। वर्तमान में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद्र सिंह का मोती महल भी इसकी कंपनी के नाम अलॉट हो रखा है।
किले के ऊपर कमरे बनेंगे सुपर डीलक्स रूम:
पर्यटन विभाग की ओर से किले के ऊपरी कमरों को सुपर डीलक्स रूम में परिवर्तित किया जाएगा। ऊपर के हिस्से में ऐसे 38 कमरे तैयार किए जाएंगे जिसमें वीआईपी लोग रुक सकेंगे। इनमें 12 डीलक्स रूम, 13 स्टैंडर्ड रूम, 08 गार्डन रूम, 4 कॉर्नर साइट, 01 नॉर्थ गेटवे सुुइट बनाया जाएगा। इन कमरों में ड्राइंग रूम, टॉयलेट तथा पर्सनल कोर्टयार्ड की सभी प्रकार की वीआईपी सुविधाएं होंगी।
जेलर हाउस में बनाया जाएगा वीआईपी रेस्टोरेंट
किले के अंदर अंग्रेजों के समय का जेलर हाउस है। इस जेलर हाउस को वीआईपी रेस्टोरेंट बनाया जाएगा। पहले इसका का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके बाद इसके अंदर सभी वो सुविधाएं होंगी जो एक बड़े रेस्टोरेंट में होती है। किले के अंदर बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने के लिए ओपन थियेटर भी बनाया जाएगा। किले के अंदर के पुराने भवनों को तोड़ दिया जाएगा। खुले मैदान में ग्रीन पाथ तथा चारों ओर पेड़ पौधे लगाए जाएंगे।
किले में बनाई जाएगी आर्ट गैलरी:
किले के अंदर सैलानियों के लिए आर्ट गैलरी बनाई जाएगी जिसमें अनेक कलात्मक वस्तुएं रखी जाएंगी। गैलरी में 200 वर्ष पुरानी पेटिंग को पत्थरों पर उकेरे जाएंगी। किले के नीचे के हिस्सों में 243 कमरे हैं। हर छह बेय के बा एक शौचालय बनाया जाएगा। जबकि सीढ़ियां पहले ही बनाई गई है उनको सुंदरीकरण किया जाएगा। कमरों के अंदर सामान के लिए स्टोर तथा डिस्पले के लिए खाने बनाए जाएंगे। इसके अलावा डोर मैट्रिक्स भी बनाए जाएंगे।
किले का 13.90 करोड़ रुपये से टेंडर ओपन किए जा चुके हैं। इसका टेंडर राजपूताना कंस्ट्रेक्शन लिमिटेड जयपुर को दिया गया है। दो वर्ष में जीर्णोद्धार का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। अनुज गुप्ता, एक्सईएन, टूरिज्म विभाग।
माधोगढ़ किले पर तीन महीने पहले काम शुरू हो चुका है। अब महेंद्रगढ़ किले पर कार्रवाई चल रही है। इसका टेंडर हो चुका हैं। इससे न केवल हमारी प्राचीन विरासत जो खंडहर होने की कगार पर थी वो पुनर्जीवित होगी बल्कि आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को रोजगार भी मिलेगा। -रामबिलास शर्मा, पर्यटन मंत्री, हरियाणा सरकार।