नारनौल। गांव नूनी अव्वल के लोग गत 12 जून से बिजली व पेयजल की सुविधाएं नहीं मिलने से परेशान है। क्षेत्र में आये अंधड़ से पेड़ उखड़कर बिजली के तारों व खंभों पर गिर जाने से बिजली के तार टूट गए। कई जगहों पर ट्रांसफार्मर नीचे गिरकर टूट गए। इस अंधड़ में बाधित बिजली की आपूर्ति आज तक सुचारु नहीं हुई है। जिस कारण गांव नूनी अव्वल, बड़कोदा, बड़गांव व नांग तिहाड़ी आदि गांवों की बिजली आपूर्ति आज तक ठप्प है। बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण पेयजल व्यवस्था भी ठप्प पड़ी है। बिजली व पेयजल व्यवस्था ठप्प होने के कारण इन गांवों के लोग पीने के पानी के लिए दूर-दूर तक भटकते हैं। बिजली बाधित होने के कारण गर्मी के मौसम में लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। यहां के लोगों ने इसकी शिकायत अनेक बार बिजली विभाग से की है लेकिन आज तक इस समस्या को कोई समाधान नहीं हुआ है।
इस संदर्भ में बिजली विभाग के एसडीओ व जेई से बात करने का प्रयास किया गया तो किसी ने भी फोन उठाने की जरूरत महसूस नहीं की। लगभग यहीं स्थिति आम लोगों के सामने आ रही है। बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी लोगों को मोबाइल फोन नहीं उठाते तथा यदि वे अपनी शिकायत करने के लिए कार्यालय में आते हैं तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। बिजली विभाग के प्रति आम लोगों का भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इन गांवों के आम लोगों में गांव नूनी अव्वल के सुरेंद्र यादव, डॉ. रामौतार यादव, मुरारी, किशोरी लाल, मुंशी व यादराम यादव ने बताया कि गत 12 जून के बाद बिजली आपूर्ति ठप्प होने के कारण आज तक बिजली नहीं आई है। जिस कारण यहां के आम लोगों का जीना दूभर हो गया है।