नारनौल। आठ जून को नांगल चौधरी रोड पर स्थित नई अनाजमंडी में होने वाले मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्रम को लेकर एसडीएम नारनौल जगदीश शर्मा ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अनाजमंडी में शाम 6.30 बजे कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में पहुंचेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस लाइन में तय मानदंडों के अनुसार हैलीपैड बनाया जाए। नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल व हैलीपैड पर विशेष सफाई व्यवस्था की जाए। वहीं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति व अस्थाई शौचालय के इंतजाम के निर्देश दिए। एसडीएम ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के रूट पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष टीम बनाई जाए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एंबुलेंस आदि की व्यवस्था करने को कहा। इस मौके पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी महावीर प्रसाद व एसडीएम महेंद्रगढ़ विनेश कुमार के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।