नारनौल। गांव भीलवाड़ा के ग्रामीणों ने गांव में शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर उपायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल को मांग पत्र सौंपा। मांगपत्र में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत भीलवाड़ा ने वर्ष 2011 में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया था कि गांव में शराब का ठेका नहीं खोला जाएगा। इस दौरान शराब का ठेका नहीं खोला गया। जिसके कारण गांव में अमन शांति थी। परंतु अब ग्राम पंचायत की बिना अनुमति व ग्राम वासियों की सहमति के बिना गांव के मेन रोड पर ठेकेदार द्वारा शराब का ठेका खोला जा रहा है। जिसका ग्रामीण विरोध कर रहे है। जिस जगह शराब का ठेका खोलने का प्रयास किया जा रहा है, वहां गांव का मेन बाजार है। रास्ते पर दिन भर महिलाओं व स्कूल में आने जाने वाले विद्यार्थियों का आवागमन रहता है। गांव की पंचायत व सदस्यों के मना करने के बावजूद शराब का ठेकेदार नहीं मान रहा।
उपायुक्त से मांग की है कि शीघ्र ही गांव की समस्या से ग्रामीणों को राहत दिलवाए। ताकि गांव में अमन शांति बनी रहे। इस मौके पर पूर्व सरपंच सुभाष, जितेंद्र, मंजीत, संतलाल, राजेंद्र, अभय सिंह, अनूप, अजय, शेर सिंह, सोनू, प्रदीप, बहादुर सिंह, धर्मेंद्र, बसंत लाल व सांवत राम सहित अनेक गांव के गणमान्य लोग मौजूद थे।