नारनौल। चिलचिलाती धूप व लू के थपेड़ों के बीच लोगों का जीना मुहाल हो गया है। वीरवार की अपेक्षा शुक्रवार को तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान बढ़ोत्तरी के साथ 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। ऐसे में कूलर, पंखे व एसी भी गर्मी के आगे फेल हो गए हैं। दोपहर को गर्मी के कारण बाजार व सड़कें वीरान नजर आई। मौसम विभाग के अनुसार करीब एक सप्ताह तक गर्मी से राहत नहीं मिल पाएगी। दूसरी ओर महेंद्रगढ़ रोड स्थित ट्रांसफार्मर में वीरवार की रात आग लग गई थी। इससे कुछ एरिया में दो घंटे तक बिजली गुल रही।
एसडीएम ने ली अधिकारियों की बैठक
दूसरी ओर गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में बिजली व पानी की समुचित सप्लाई हो इसके लिए एसडीएम जगदीश शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को स्थानीय लघु सचिवालय में एक बैठक हुई। शर्मा ने कहा कि विशेषकर गर्मी के मौसम में पेयजल की दिक्कत हो जाती है। प्रशासन द्वारा इस दिक्कत को दूर करने के लिए प्रयास भी किए गए है। अधिकारी व आमजन मवेशियों के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध करवाने को प्राथमिकता दें। विशेषकर जनस्वास्थ्य, बिजली व पंचायत विभाग आपस में सहयोग रखे जिससे किसी भी जगह कोई किल्लत हो भयानक रूप धारण करने से पहले ही उसे दूर करें। पानी और बिजली की सप्लाई में दिक्कत आ रही है तो उसे दुरुस्त करें। इस मौके पर जन स्वास्थ्य विभाग के एसई राकेश कुमार ने बताया कि इस समय जिला में 1400 ट्यूबवेल कार्यरत है।पेयजल सुविधा प्रदान की जा रही है व 54 वाटर टैंक है। सिंचाई विभाग से सत्यवीर कार्यकारी अभियंता ने बताया कि 280 जोहड़ है। इस अवसर पर जनस्वास्थय बिजली सिंचाई पंचायत विभाग के विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
ऐसे बढ़ा पारा
25 मई - अधिकतम- 39.5 - न्यूनतम- 22.5
26 मई - अधिकतम 42.7 - न्यूनतम- 21.7
27 मई - अधिकतम 44.3 - न्यूनतम- 23.6
28 मई - अधिकतम- 44.5 - न्यूनतम- 22.5
29 मई - अधिकतम- 46.2 - न्यूनतम- 24.5
30 मई - अधिकतम- 46.9 - न्यूनतम- 25.5
31 मई - अधिकतम- 45 - न्यूनतम- 29