एक और गाय की मौत, चार गोवंश की हालत नाजुक
महेंद्रगढ़। श्रीकृष्णा सुदामा गोशाला में तीसरे दिन शनिवार को एक और गाय की और मौत हो गई, जबकि तीन गाय और एक बछड़े की हालत नाजुक बनी हुई है। 60 गायों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। तीसरे दिन गायों का चार चिकित्सकों की टीम ने इलाज किया। शनिवार को गोसेवा आयोग के सदस्य दयाशंकर तिवाड़ी ने गोशाला में जाकर फिर निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से पशु चिकित्सक विभाग के एसडीओ ने डॉ. जसवंत जून ने शुक्रवार को गोशाला का दौर किया। तिवाड़ी ने कहा कि चिकित्सक पिछले तीन दिन से पूरा समय देकर बीमार गायों को इलाज कर रहे हैं।
शनिवार को भी गोशाला में गायों का इलाज जारी रहा। शनिवार को पशु चिकित्सक डॉ.बलजीत, डॉ. रवींद्र श्योराण, डॉ. विनोद श्योराण, डॉ. वेदप्रकाश सांगवान की टीम ने सुबह से शाम तक इलाज किया। इस दौरान टीम ने तीन गाय और एक बछड़े के पेट के अंदर से टॉक्सिन निकाला। उपचार के दौरान एक गाय की मौत हो गई, जबकि एक की हालत में काफी सुधार है। तीन गाय और एक बछड़े की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने गोशाला स्टाफ को सलाह दी है कि अभी दो दिन गायों को पानी न देकर केवल सूखा चारा ही खिलाएं। उन्होंने बताया कि 65 गायें बीमार थीं जिनमें से 60 की हालत में सुधार हो गया है।
आपको बता दें कि श्री कृष्णा सुदामा गोशाला में वीरवार की सुबह को गायों को बासी रोटी खिला दी गई थी। इसके बाद 85 गायों की तबीयत खराब हो गई थी। इनमें से 20 की मौत हो गई थी, जबकि 65 गायें बीमार हो गई थीं। गोशाला स्टाफ और गोसेवक गोवंश को संभालने में जुट गए और पशु चिकित्सकों को सूचित कर दिया। बीमार गायों की संख्या अधिक होने पर चिकित्सकों के हाथ पांव फूल गए और चिकित्सक बुलाए गए। सात लोगों की टीम ने इसकी कमान संभाली और रात 11 बजे तक गोवंश को ट्रीटमेंट दिया। इस संबंध में जिला उपायुक्त गरिमा मित्तल ने कहा कि गोवंश की मौत का शुक्रवार को बता चल गया था। प्रशासन की ओर से एसडीओ जसवंत जून की ओर को भेज दिया गया था।