अमर उजाला ब्यूरो
बुचौली। गांव मालड़ा में बाबा जोहड़िया के मेले में 29 की रात को जागरण होगा। इसमें मुख्य अतिथि पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक होंगे। 30 अगस्त को बाबा की समाधि स्थल पर भंडारा भी होगा। मेला कमेटी के प्रधान पूर्व प्रवक्ता अभय सिंह यादव और सुजान मालड़ा ने संयुक्त रूप से बताया कि मंगलवार रात को जागरण का आयोजन किया जाएगा। इसमें हरियाणवी लोक गायक वीरपाल खरकिया, महेंद्र सिंह झंडू, रेखा लांबा, मोनिका चौधरी, श्रेया चौधरी, सुनीता बेबी बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे। 30 अगस्त को मेले में खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें वालीबॉल, ओपन कबड्डी की विजेता टीमों को 7100 रुपये और उप विजेता टीम को 5100 रुपये का नकद, 52 किलोग्राम भार वर्ग कबड्डी में विजेता को 5100 और उप विजेता को 4100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। मेला कमेटी द्वारा 10 से 2100 रुपये तक, जबकि पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक की ओर से एक कुश्ती 5100 रुपये की करवाई जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच लालचंद करेंगे।