आढ़तियों की बैठक में मंडी की गंदगी का मुद्दा छाया
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली।
मार्केट कमेटी में आढ़तियों की एक बैठक चेयरमैन कर्मवीर यादव की अध्यक्षता में शनिवार को हुई। बैठक में मार्केट कमेटी सचिव आदित्य यादव के अलावा वाइस चेयरमैन सुभाष गुप्ता आदि ने बैठक में शिरकत की। बैठक में व्यापारियों ने मंडी में होने वाली समस्याओं को चेयरमैन के सामने रखा।
चेयरमैन ने सभी मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन आढ़तियों को दिया। सबसे बड़ी समस्या मंडी में सीवरेज व्यवस्था का खराब होना, मंडी में पानी का जमावड़ा होना, गंदगी की भरमार के अलावा मंडी में खुले में शौच बंद करवाने जैसी मांग सामने आई। इसके अलावा मंडी में लाइट खराब पर कई दिनों तक ठीक न होना और मंडी में बदबू को समाप्त करने की बात व्यापारियों ने बैठक में रखी। चेयरमैन कर्मवीर यादव ने कहा कि मंडी में शौचालय बने है, लेकिन उन पर ताला लगा था। इन्हें खुलवा दिया गया है। शौचालय भी बनवाने का विचार किया जा रहा है। खुले में शौच कर कोई मंडी में गंदगी न फैलाए इसके लिए व्यवस्था करने की बात पर भी चर्चा हुई। मार्केट कमेटी के सचिव आदित्य यादव ने कहा कि मंडी में पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं है। फिर भी कोई कमी सामने आती है तो उनको पूरा किया जाएगा।