अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। महाबीर चौक पर मंगलवार की सुबह सात बजे तेज रफ्तार डंपर ट्रैफिक लाइट को तोड़ते हुए एक क्लिनिक में जा घुसा। डंपर की चपेट में आने से एक बाइक सवार को मामूली चोट लगी। बाइक सवार की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने चालक पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि उक्त डंपर चालक रेवाड़ी से धौलेड़ा स्थित क्रशर जोन पर जा रहा था।
शहर में महावीर चौक पर अचानक डंपर अनियंत्रित होकर चौक पर बने डिवाइडर पर चढ़ गया और ट्रैफिक लाइट को तोड़ता हुआ सिंघाना रोड स्थित एक क्लिनिक में जा घुसा। इस दौरान डंपर की चपेट में आने से दो ठेले टूट गए और दुकान का शटर टूट गया। गनीमत यह रही कि नाले में डंपर का टायर चले जाने से वह दूसरी दुकान को अपनी चपेट में नहीं ले सका। इस दौरान महाबीर चौक पर एक बाइक सवार को हल्की चोट लग गई। लोगों ने बताया कि डंपर की गति अधिक होने के कारण चालक डंपर पर नियंत्रण नहीं कर पाया और डिवाइडर पर चढ़ गया। सुबह महाबीर चौक पर दुकानें बंद होने व लोगों का आवागमन कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
जांच अधिकारी एएसआई सतपाल ने बताया कि ट्रक को तत्काल हटवा दिया गया। बाइक सवार सूर्यभान की शिकायत पर डंपर चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी नींद में था और जल्द पहुंचने के चक्कर में हादसा हुआ।
बता दें कि निजामपुर व नांगल चौधरी एरिया में काफी संख्या में क्रशर लगे हुए हैं। यहां पर क्रशर लेने के लिए पहले डंपर चालकों को टोकन लेना पड़ता है। इसलिए सुबह डंपर चालक क्रशर पर जल्द पहुंचने की होड़ में हादसे को अंजाम देते है।