ओवरलोड वाहनों पर नहीं लगा अंकुश, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। धोलेड़ा में ओवरलोड वाहनों पर अंकुश नहीं लगने से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार दोपहर नारनौल-धोलेड़ा सड़क मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पाकर थाना प्रभारी शफीउद्दीन जाम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ओवरलोड वाहनों की धरपकड़ कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया।
बता दें कि धोलेड़ा, बिगोपुर, मेघोत बींजा, जैनपुर, बखरीजा व मूसनौता में करीब पांच दर्जन क्रेशर स्थापित हो गए। जिन पर रज्ञेजाना 500-600 डंपर पत्थर सप्लाई करते हैं। जिनमें निर्धारित क्षमता से अधिक लोड होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ गई। इसके अलावा पूरी सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी। वाहनों के आवागमन से डस्ट उडने की समस्या हो गई। जिससे गांव में आंख, दमा, एलर्जी, टीबी के मरीज बढ़ गए। समाधान को लेकर ग्रामीण कई बार सड़क जाम कर रोष प्रदर्शन कर चुके। उस दौरान अधिकारियों ने तत्परता पूर्वक कार्रवाई का भरोसा दिया था। जिसे एक साल से अधिक समय बीत चुका, अभी तक कार्रवाई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। जिस कारण शुक्रवार को ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू करते हुए जाम लगा दिया। सूचना पाकर थाना प्रभारी धोलेड़ा पहुंचे तथा सड़क के किनारे बैठे ग्रामीणों की समस्या सुनी। उन्होंने कहा कि ओवर लोड वाहनों की रोकथाम पुलिस प्रशासन अलर्ट है। जल्द ही वाहनों को इंपाउंड करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि धोलेड़ा में बाईपास मंजूरी के बाद निर्माण शुरू हो चुका। ग्रामीणों को जल्द ही डस्ट से छुटकारा मिल जाएगा।
-----देवेंद्र