गणेश पूजा करने से मिलती है शांति
अमर उजाला ब्यूरो
मंड़ी अटेली। नवयुवक मित्र मंडल की ओर से स्थानीय रोडवालिया मंदिर में मनाए जा रहे द्वितीय श्री गणेश महोत्सव के दौरान शनिवार रात को कलाकारों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान की झांकी का चित्रण किया।
शनिवार रात अटेली कस्बे के रोडवालिया मंदिर में मनमोहक संवादों, गीत, संगीत एवं चौपाइयों के माध्यम से श्रीराम का स्वरूप वर्णित किया गया। कार्यक्रम में पहुंची मुख्य अतिथि डिप्टी स्पीकर ने कहा कि गणेश की पूजा करने से घर-परिवार और आत्मा को शांति मिलती है। मानव को गणेश की पूजा समय-समय पर करती रहनी चाहिए। गणेश महोत्सव में वीर बजरंगी, सुदामा की मनमोहक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने अरे द्वारपालो सुदामा से कह दो... भजन पेश किया। नवयुवक मित्र मंडल के प्रधान राहुल गोयल ने बताया कि जैसे-जैसे गणेश महोत्सव आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में भक्तजन महोत्सव में गणपति के दरबार में अपनी हाजिरी लगाने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि नवयुवक मित्र मंडल द्वारा आयोजित किए जा रहे महोत्सव को आमजन का अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का प्रसाद वितरित किया जाता है। महोत्सव में पंडित पवन भारद्वाज ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का चरित्र अनुकरणीय है। इस अवसर पर नवयुवक मित्र मंडल के प्रधान राहुल गोयल, विशिष्ट अतिथि राजेश यादव, मोहित गुप्ता, सहित मंडल के सदस्य, पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।