बिजली कर्मचारियों ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। बूढ़वाल में बिजली कर्मियों पर हमले के सिर्फ तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। सरपंच समेत अन्य आरोपियों को पुलिस ने अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। इससे नाराज नांगल चौधरी सब डिविजन यूनियन सदस्यों ने मंगलवार को यूनियन के प्रधान शंभुदयाल की अध्यक्षता में एक बैठक की। जिसमें कर्मचारियों ने हमले के अन्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोष जताया। इसके बाद एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर वीरवार से क्रमिक अनशन का अल्टीमेटम दिया।
प्रधान ने बताया कि मुखबिर की शिकायत के मुताबिक 2 अगस्त को बूढ़वाल में दबिश दी गई थी। एक घर में मीटर की डायरेक्ट सप्लाई मिलने पर एलएलएन-1 रिपोर्ट दर्ज कर दी गई। इस दौरान सरपंच मनोज कुमार ने गाड़ी की चाबी निकाल ली। इसके बाद टीम पर 50-60 ग्रामीणों ने भी हमला बोल दिया। इस मारपीट में पांच कर्मचारी घायल हुए थे, दो की हालात गंभीर होने के कारण उन्हें नारनौल सामान्य अस्पताल में एडमिट कराया गया। निगम के एसडीओ की मार्फत पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई। जिसे करीब 20 दिन बीत चुके, अभी तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सरपंच मनोज कुमार व अन्य 50-60 आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। एक सप्ताह पहले थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की गुहार लगा चुके। बावजूद पुलिस सक्रिय दिखाई नहीं दे रही, उल्टा मामले की लीपापोती करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि बुधवार की शाम तक पुलिस को हमले के मुख्य आरोपी सरपंच मनोज कुमार को गिरफ्तार नहीं किया तो सब डिविजन कार्यालय पर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर उप प्रधान हरिराम, जेई सत्यपाल, बजरंगलाल जांगड़ा, सुबाराम, सचिव जितेंद्र डांगी, अशोक यादव, देशराज, राकेश कुमार, सुरेश कुमार व देशराज आदि मौजूद थे। उच्चाधिकारियों को भेज दी शिकायत
निगम के एसडीओ हनुमान यादव ने बताया कि बिजली कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस सकारात्मक कार्रवाई नहीं कर रही। जिससे नाराज कर्मियों ने ज्ञापन सौंपकर अनशन शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है। स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया।