पिछली सरकारों ने अटकाया एसवाईएल का मामला : इंद्रजीत
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा है कि पिछली सरकारों ने एसवाईएल के मामले को 12 साल तक किसी न किसी तरीके से अटकाया हुआ था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही सुप्रीम कोर्ट में अच्छी तरह से पैरवी हुई और फैसला हमारे हक में हुआ। बहुत जल्द ही दक्षिणी हरियाणा को उसके हक का पानी मिलेगा। वे शुक्रवार को गांव खटोटी में शहीद रावत सिंह की प्रतिमा के अनावरण अवसर पर कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर प्रेसिडेंशियल रेफ्रेंस पर दो या तीन साल में फैसला होता है, लेकिन इस मामले को 12 साल तक लटकाए रखा। पंजाब के सीएम कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले में ही रोड़ा अटका दिया। उस वक्त कांग्रेस अध्यक्ष से पंजाब सरकार के खिलाफ कड़ा कदम उठाने के लिए कहा गया था, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। उन्होंने कहा कि वे कभी भी निजी स्वार्थों के लिए सत्ता का इस्तेमाल नहीं करते। जो करते हैं, इस इलाके के लिए करते हैं। 30 साल में यहां पानी का संकट गहरा गया है। राजस्थान ने बांध बना लिए। इस कारण हालात और भी गंभीर हो गए। अब सरकार ने इस सीजन में अतिरिक्त पानी इस इलाके को दिया है। यह क्षेत्र के विधायकों के प्रयासों से संभव हुआ है। विधायक डॉ. अभय सिंह कमेटी के चेयरमैन है।
उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि इस गांव में शहीद की मूर्ति के अनावरण के अवसर पर उन्हें बुलाया गया। देश की सुरक्षा में ये सैनिक अपनी जान हथेली पर रखकर काम करते हैं। परिवार से वर्षों बिछुड़कर भी हमारे लिए लड़ते हैं। ऐसे वीरों की कहानियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेंगी। रावत सिंह 1971 में कुमाउ रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। 1992 में वे वीरगति को प्राप्त हुए।
इस मौके पर शहीद की पत्नी छोटी देवी, जनस्वास्थ्य मंत्री डा. बनवारी लाल, सांसद चौ. धर्मवीर सिंह, विधायक नारनौल ओमप्रकाश यादव, विधायक नांगल चौधरी अभय सिंह यादव, पटौदी की विधायक बिमला, रेवाड़ी जिला प्रमुख मंजू बाला, कोऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन जेपी सैनी, बीजेपी जिला प्रधान शिवकुमार मेहता, मनीष मित्तल, सत्यवर्त शास्त्री, प्रो. हंसराज, लक्ष्मण, कंवर सिंह यादव, सत्यवीर बडेसरा आदि मौजूद थे।
स्कूल का नाम होगा शहीद के नाम पर
ग्रामीणों की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्कूल का नाम शहीद रावत सिंह के नाम पर करवा देंगे। स्कूल का गेट यहां के सांसद धर्मवीर सिंह अपने कोटे से बनवा देंगे। इस पर शहीद का नाम होगा। स्कूल को अपग्रेड करने के संबंध में उन्होंने कहा कि यदि स्कूल सभी शर्तें पूरी करता होगा तो वे सरकार से सिफारिश कर देंगे।