गांव बसई निवासी सोमपाल से साइबर ठगों ने स्कूटी बेचने के नाम पर 14 हजार रुपये ठग लिए। प्राथमिक जांच में पता लगा कि पैसा ठगने वाले आरोपी नूंह जिला के फिरोजपुर झिरका निवासी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बसई के निवासी सोमपाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने ओलेक्स पर एक स्कूटी देखी। जिसका मालिक उसे बेचना चाहता था। सोमपाल ने एप के जरिए स्कूटी के मालिक से संपर्क किया। जिसमें 14 हजार रुपये में स्कूटी बेचने की बात हो गई। सोमपाल ने बताया कि आरोपी ने एक यूपीआई आईडी दी और उस आईडी पर पैसा डालने के लिए कहा। साइबर ठगों ने सोमवार से तीन बार में 14 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस की प्राथमिक जांच में पाया गया कि शिकायतकर्ता ने पेटीएम के जरिए आरोपी को पैसे स्थानांतरित किए हैं। आरोपी के बारे में जांच करने पर पता लगा कि उसका एसबीआई खाता है। पैसा ठगने का आरोपी नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका के नगीना गांव का रहने वाला है। जिसका नाम अनीश है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।