फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahendragarh-Narnaul News: छापेमारी में 14 आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिले, चार कर्मचारी गैरहाजिर

विज्ञापन
फोटो 26 आंगनबाड़ी केंद्र में जांच करते मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम।संवाद
विज्ञापन
नांगल चौधरी। ब्लॉक में बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और सतर्कता विभाग की संयुक्त टीम ने आंगनबाड़ी केंद्रों और सीडीपीओ कार्यालय पर छापेमारी की। इस दौरान 14 केंद्रों पर ताले लटके मिले जबकि कार्यालय में चार कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। टीम ने रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
विज्ञापन

इस जांच में टीम ने सुबह करीब 9:15 बजे पांच अलग-अलग समूह बनाकर निरीक्षण शुरू किया। टीम सबसे पहले तोताहेड़ी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची जहां ताला लटका मिला। इसके बाद कोजिंदा, कारोता, नांगल शालु, भोजावास, अकबरपुर, सिरोही बहाली, मोहनपुर, नांगल चौधरी, इस्लामपुर सहित कुल 14 गांवों के केंद्रों की जांच की गई और सभी जगह केंद्र बंद पाए गए।
इन केंद्रों में बच्चों, गर्भवतियों और धात्री माताओं को पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं दी जाती हैं लेकिन लंबे समय से इनके संचालन में अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते यह औचक कार्रवाई की गई।
विज्ञापन

करीब 10:30 बजे टीम सीडीपीओ कार्यालय पहुंची जहां उपस्थिति रजिस्टर की जांच में चार कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। साथ ही कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और स्टॉक रजिस्टर भी अपडेट नहीं मिले। टीम ने दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
निरीक्षण के दौरान गर्भवतियों से बातचीत में भी भोजन वितरण व्यवस्था को लेकर असंतोष और लापरवाही के संकेत मिले। सूत्रों के अनुसार, ब्लॉक में आठ सुपरवाइजर होने के बावजूद नियमित निगरानी कमजोर रही जिसके कारण कई केंद्रों में लंबे समय से अव्यवस्था बनी हुई है।
छापेमारी की सूचना फैलने के बाद कुछ केंद्रों पर रिकॉर्ड दुरुस्त करने की कोशिश भी देखी गई। सीडीपीओ राधा यादव ने कहा कि उनके पास पांच ब्लॉकों का अतिरिक्त कार्यभार है जिससे काम का दबाव बढ़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी लापरवाही सामने आएगी, उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने बताया कि सभी 14 केंद्र बंद मिले हैं। रिकॉर्ड और स्टॉक की जांच जारी है तथा पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें