अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। करीब 22 साल बाद होने वाले छात्र संघ के चुनाव में शिक्षा मंत्री के कॉलेज में वोटिंग नहीं होगी। यहां सीआर के लिए कोई नामांकन नहीं होने के कारण मतदान नहीं होगा। महेंद्रगढ़ के महिला कॉलेज में बुधवार को सीआर के दो पदों के लिए मतदान होगा। दोपहर दो बजे यहां कॉलेज की प्रधान, उपप्रधान, सचिव, संयुक्त सचिव चुनी जाएंगी।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा महेंद्रगढ़ के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं। इस कॉलेज में इस बार छात्र संघ के चुुनाव नहीं होंगे। यहां किसी भी प्रत्याशी का सीआर पद के लिए नामांकन नहीं आया। नामांकन न होने के कारण यहां कोई प्रधान, उपप्रधान, सचिव, संयुक्त सचिव भी नहीं चुना जाएगा। कॉलेज में इनसो तथा एनएसयूआई ने छात्र संघ चुनाव का बहिष्कार किया था, जिसके बाद नामांकन करने वाले स्टूडेंट्स ने नामांकन वापस ले लिया था।
राजकीय महिला कॉलेज में बुधवार को सीआर के दो पदों के लिए मतदान होगा। यहां 12 में से एक का नामांकन तकनीकी कारणों के चलते रद हो गया था। एक पद के लिए किसी का नामांकन नहीं आया। 8 पदों पर एक एक ही नामांकन होने के कारण उन्हें सर्वसम्मति से चुन लिया गया। अब केवल बीए प्रथम तथा बीए सेकेंड में ही सीआर के लिए वोटिंग होनी है। इन दो सीआर के चुने जाने के बाद यह 10 सीआर मिलकर चार पदाधिकारियों का चयन करेंगी। साथ ही कार्यकारिणी की 5 सदस्यों को भी चुुनेंगी।
-----------------------------
राजकीय महिला कॉलेज के चुनाव अधिकारी संजय जोशी ने बताया बुधवार को दस बजे से मतदान शुरू होगा। जिसके लिए चार पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इसके लिए चार पोलिंग पार्टी में कुल 16 लोगों की ड्यूटी लगाई गई है। कॉलेज का आईकार्ड जांचने के बाद ही वोट का अधिकार दिया जाएगा। अगर किसी का आईकार्ड नहीं बना तो उसे बुधवार को भी आईकार्ड बनवाने की छूट रहेगी।
------------------------
1035 छात्राएं डालेंगी वोट
बीए फर्स्ट में 522 तथा बीए सेकेंड में 513 छात्राएं अपने वोट का उपयोग करेंगी। जिसमें बीए फर्स्ट तथा सेकेंड में तीन तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। बैलेट पेपर तैयार कराए गए हैं। छात्राओं के नाम, रोल नंबर बैलेट पेपर छापे गए हैं। मतदाता छात्राओं को इन तीन में किसी एक के सामने टिक का निशान लगाना होगा।
-----------------------------
ड्यूटी मजिस्ट्रेट और डीएसपी संभालेंगे कमान
कॉलेज में चुनाव के लिए बीडीपीओ निशा तंवर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। डीएसपी सतेंद्र कुमार बुधवार को कॉलेज के बाहर अपनी फोर्स के साथ तैनात रहेंगे। कॉलेज में 15 महिला तथा 10 पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कॉलेज में आईकार्ड जांच के बाद ही एंट्री होगी।
-------------------------------
सतनाली कॉलेज में 5 पदों के लिए 19 मैदान में
सतनाली। राजकीय महाविद्यालय सतनाली में छात्रसंघ चुनावों को लेकर 9 सीआर में से 3 उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं । अब केवल 5 पदों के लिए ही चुनाव होना है जिसके लिए 19 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें 7 छात्राएं व 12 छात्र हैं। रिटर्निंग ऑफिसर जरनैल सिंह ने बताया कि सीआर पद के लिए बीए तृतीय में रितेश, बी कॉम द्वितीय की प्रियंका शर्मा तथा बीएससी तृतीय की मोनिका को निर्विरोध सीआर चुन लिया गया है।
------------------------------
कनीना कॉलेज में 7 सीआर के लिए 22 प्रत्याशी
कनीना। कनीना के राजकीय महाविद्यालय में मतदान के लिए 7 बूथ बनाए गए हैं। जिनमें से सात सीआर चुने जाएंगे। बीए फाइनल में गुड्डी और बीकॉम अंतिम वर्ष के दीपांशु सर्वसम्मति से चुने जा चुके हैं। बीए प्रथम वर्ष के आशु, दीपक कुमार, कपिल, शिव कुमार, विशाल मैदान में हैं। बीए द्वितीय वर्ष के आकाश यादव, भारती ,नितेश, राजेश लडे़ंगे। बीएससी प्रथम में महेश कुमार, पीयूष यादव, रखविंद्र फोगाट, साकेत, संदीप कुमार व उमेश हैं। बीएससी द्वितीय वर्ष में हर्षित, मिनाक्षी व शुभम है। जबकि बीएससी फाईनल में अवंतिका, मनीषा कुमारी व योगेश इसके अलावा बीकॉम प्रथम में मंयक, नितेष, प्रमोद प्रत्याशी हैं। बीकॉम सेकेंड में भावना, किरण व श्रुति चुनाव मैदान में हैं।
-----------------------------------------
छह कालेजों में 47 सीआर के लिए आज होगा चुनाव
नारनौल। महेंद्रगढ़ में 10 कालेजों में बुधवार को छात्र संघ के चुनाव होंगे। नारनौल के पीजी कालेज में 9 व महिला कालेज में 9, अटेली के राजकीय कालेज में 6 व महिला कालेज में 5 तथा नांगल चौधरी के मेजर सतीश सिंह दहिया कालेज में 12 व बैजनाथ महिला कालेज में 6 सीआर के लिए चुनाव होगा। नांगल चौधरी में शहीद मेजर सतीश दहिया कालेज 16 उम्मीदवार मैदान में हैं। नारनौल पीजी कालेज में 37 सीआर बनने है। नारनौल महिला कालेज में कुल 20 सीआर में 11 निर्विरोध बन चुके है। यहां 9 के लिए चुनाव होना है। अटेली राजकीय कालेज में 20 सीआर बनने है। जिनमें 10 निर्विरोध बन चुके है।6 सीआर के लिए चुनाव होना है। महिला कालेज अटेली में ही कुल 6 सीआर में एक निर्विरोध बनने के बाद 5 सीआर के लिए चुनाव होगा।