नारनौल-कोटपूतली मार्ग पर पलटा ट्रॉला, 15 घंटे तक यातायात रहा बाधित
अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी (नारनौल)। नारनौल-कोटपुतली मार्ग पर शुक्रवार देर शाम को एक ट्राला पलट गया, जिससे जाम लग गया। जाम की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ट्राला हटाने के लिए क्रेन नहीं मिली। जिस कारण करीब 15 घंटे तक यातायात व्यवस्था बाधित बनी रही।
चावल की भूसी से भरा हुआ ट्रॉला कोटपुतली की तरफ जा रहा था। बाबा मुकंददास गोशाला के पास साइड लेते समय टायर दलदल में धंस गया ट्राला सड़क के बीचों-बीच ही पलट गया। ड्राइवरों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद नांगल चौधरी पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। एएसआई बिरेंद्र सिंह ने ट्राला मालिक संपर्क किया। इसके बाद नारनौल से क्रेन मंगवाई गई, लेकिन जाम लंबा होने के कारण क्रेन पांच किलोमीटर दूर फंस गई। सुबह चार बजे नोलायजा के रास्ते से क्रेन को घटना स्थल पर पहुंचाया गया। इसके बाद ट्रॉले को रास्ते से हटाया गया। इसके बाद शनिवार सुबह करीब दस बजे यातायात व्यवस्था सुचारु हो पाई। इस दौरान जाम में दर्जनों सवारी वाहन फंसे रहे। उनमें बैठी सैकड़ों सवारी परेशान रही। थाना प्रभारी सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि दलदल में टायर धंसने के कारण ट्राला पलट गया। जिसे शनिवार सुबह चार बजे क्रेन की मदद से खड़ा करवाया है। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करके यातायात व्यवस्था सुचारु की है।