पुलिस की मौजूदगी में दी गई किसानों को फर्द
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। तहसील में फर्द के लिए किसानों ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया। इसके बाद नायब तहसीलदार ने पुलिस को बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में फर्द किसानों को दी गई। उल्लेखनीय है कि सरकारी रेट पर सरसों बेचने के लिए किसानों की फर्द की आवश्यकता होती है।
नायब तहसीलदार ने किसानों को फर्द के लिए टोकन दिए, लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर के स्थान पर शिक्षा विभाग से बुलाए गए ऑपरेटर से धीरे-धीरे काम होने पर सभी को फर्द नहीं मिल पाई। फर्द लेने वाले किसानों को शांत करने के लिए पटवारियों को ही फर्द देने के आदेश दिए गए। खरीद अधिकारियों ने पटवारियों द्वारा दी जा रही फर्द को मानने से इंकार कर दिया। इसके बाद नायब तहसीलदार ने डीएम हैफड़ से बात कर पटवारियों द्वारा दी जा रही फर्द को स्वीकार करने की बात मानी। अब पटवारी व तहसील दोनों जगह फर्द मिलनी शुरू हो गई। फर्द केवल सरसों की बारी वाले गांवों के किसानों को ही दी जा रही है। रजिस्ट्री व अन्य काम करने के लिए फर्द नहीं दी जा सकी। नायब तहसीलदार महेन्द्र सिंह ने बताया कि हैफड के डीएम से बात कर ली गई है। पटवारी द्वारा फोटो कोपी की सत्यापित फर्द को स्वीकार कर लिया जाएगा ।