अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। राजकीय महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय मूल्यांकन एव प्रत्यायन परिषद (नैक) की तीन सदस्यीय टीम दो दिवसीय निरीक्षण दौरे पर पहुंची। टीम ने कॉलेज की हर बुनियादी सुविधाओं, परीक्षा परिणाम और अन्य चीजों का निरीक्षण किया। दोपहर बाद छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
नैक टीम की अगुवाई कुमांऊ युनिवर्सिटी नैनीताल (उत्तराखंड) के वाइस चांसलर प्रो. एचएस धमी ने की। उनके साथ बिरला कॉलेज ऑफ आर्ट एंड साइंस (महाराष्ट्र) की पूर्व प्राचार्य डॉ. सवपना एच. समेल और हैदराबाद से डॉ. एच लक्ष्मी मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद एक संस्था है, जो भारत के उच्च शिक्षा संस्थानों का आंकलन और प्रत्यायन का कार्य करती है। बताया कि केंद्र सरकार ने नियम बदल दिए हैं। अब यूजीसी उन्हीं कॉलेजों को ग्रांट देगी, जिनको ग्रेड प्राप्त हैं। इसलिए वे दो दिवसीय निरीक्षण के लिए महिला कॉलेज पहुंचे हैं। आज उनका पहला दिन था। निरीक्षण में कॉलेज का भवन, विद्यार्थियों की समस्याएं, शिक्षा की गुणवत्ता आदि बातों को ध्यान में रखकर निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण की रिपोर्ट को नेट पर डाल दी जाएगी। उसके बाद कॉलेज स्टाफ को भी एक कॉपी दी जाएगी। रिजल्ट नेट पर आने के बाद ही वो कॉपी खोली जाएगी। कॉलेज स्टाफ को सर्वे की रिपोर्ट का रिजल्ट बता दिया जाएगा। इस मौके पर कॉलेज प्राचार्य विनय यादव, करण सिंह यादव, आरसी यादव, पवनवीर सिंह, ज्योति, कविता आदि मौजूद थे।