नारनौल। नारनौल क्षेत्र में 13 माह के बच्चे की पानी से भरी बाल्टी में डूबकर जान चली गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को नारनौल के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के जमालपुर गांव के रहने वाले राकेश अपने परिवार सहित कांटी माजरी में एक ईंट भट्ठा पर मजदूरी का काम करते हैं। रविवार सुबह प्रतिदिन की तरह राकेश भट्ठे पर चला गया। वहीं उसकी मां घरेलू कार्य में लग गई। इस दौरान 13 माह का सिद्धांत पड़ोस में झुग्गी में खेलते-खेलते चला गया। उस समय झुग्गी में भी कोई नहीं था। सिद्धांत झुग्गी में रखी एक पानी की बाल्टी में गिर गया। जिसके बाद वह बाल्टी से बाहर नहीं निकल सका। जब बच्चे की मां कार्य कर बच्चे को देखा तो वह बाल्टी में डूबा हुआ था। बच्चे को बाहर निकाला तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मृतक के पिता ने डायल 112 पर घटना की जानकारी दी। हादसे के बाद बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।रविवार दोपहर बाद चिकित्सकों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।