महेंद्रगढ़। राजावास गांव में रंजिश को लेकर 12वीं के छात्र की गांव के ही तीन युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। छात्र के दो चचेरे भाई गोली लगने से घायल हैं। घायलों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। घटना के विरोध में परिजनों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इन्कार कर दिया। बाद में कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।
राजावास गांव निवासी सुरेंद्र उर्फ सुलेंद्र (17) पुत्र महेंद्र सिंह एक निजी कॉलेज में 12वीं का छात्र था। पुलिस के मुताबिक, 29 जनवरी को सुरेंद्र और उसके चचेरे भाइयों का गांव के ही अजय, चीमन और अजय से विवाद हो गया था। तब आरोपियों ने सुरेंद्र और उसके भाइयों से मारपीट की थी। बीती रात आरोपी हाथों में हथियार लेकर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सुरेंद्र के सीने में एक गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि मुकेश (30) व मूलचंद (28) हाथ और पैर में गोलियां लगने से घायल हो गए। दोनों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने पिता महेंद्र की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो दिन पहले भी हुआ था झगड़ा, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने दो दिन पूर्व भी तीनों युवकों से झगड़ा किया था। तब कार्रवाई के लिए माधोगढ़ पुलिस चौकी में शिकायत दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगर पुलिस कार्रवाई करती तो यह वारदात नहीं होती।
महिलाओं का थाने में हंगामा, 24 घंटे का अल्टीमेटम
सुरेंद्र की हत्या से नाराज माता-पिता, परिवार व गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं थाने पहुंच गईं। महिलाओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इन्कार कर दिया। हंगामे की सूचना पर विधायक कंवर सिंह यादव व डीएसपी हेडक्वार्टर हरदीप सिंह व सुरेश कुमार नागरिक अस्पताल पहुंचे। शाम को उपमंडल अधिकारी महेंद्रगढ़ संजीव कुमार व डीएसपी हरदीप सिंह ने आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शाम 5 बजे अंतिम संस्कार के लिए शव ले गए। ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासन को तय समय में आरोपियों की गिरफ्तार नहीं होने पर सड़क जाम व धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
वर्जन-
परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की चार टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं। आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-हरदीप सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर नारनौल।