अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। सिटी पावर हाउस के करंट ट्रांसफार्मर (सीटी-220) में तेल लीकेज के कारण अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इससे करीब डेढ़ घंटे तक अटेली, नारनौल शहर, सेका और नांगल चौधरी एरिया में बिजली गुल रही।
बिजली विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह सात बजे महेंद्रगढ़ रोड स्थित पावर हाउस में सीटी में लीकेज के कारण अचानक आग लग गई। इससे महेंद्रगढ़ से आर रही लाइन अचानक बंद हो गई। इससे जिले के कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। फायर अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि सात बजकर पांच मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। जिस पर एक दमकल की गाड़ी को मौके पर भेजा गया था। बीस मिनट में आग पर काबू कर लिया गया। फाल्ट से जिले के कई हिस्सों में करीब डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि बिजली निगम ने दूसरे ट्रांसफार्मर से बिजली सेवा को बहाल किया। निगम के अनुसार सवा घंटे में बिजली सेवा बहाल कर दी गई। पावर हाउस में दो सीटी यूनिट लगी हुई है। सुबह करीब सात बजे एक यूनिट में फाल्ट आ गया था। निगम के अनुसार करीब आठ बजकर 22 मिनट पर बिजली सेवा दूसरी सीटी से बहाल कर दी।
बता दें कि नारनौल में शनिवार का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस था। ऐसे में लोगों को अभी से भीषण गर्मी झेलनी पड़ रही है। दूसरी ओर दो दिन से फाल्ट से भी शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल रही। शुक्रवार की रात पेड़ गिरने से कई एरिया में बिजली गुल हो गई थी। इससे पहले ट्रक ने बिजली को पोल तोड़ दिया था। इससे भी लोगों को बिजली गुल होने से परेशानी हुई थी।