अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने से अब स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। साथ ही दीवारों से झड़ते प्लास्टर से भी शिक्षक और बच्चों को मुक्ति मिलेगी। शिक्षा विभाग जिले के ऐसे 13 राजकीय स्कूलों के भवनों की मरम्मत, सफेदी व बाउंड्रीवाल समेत अन्य कार्य कराने जा रहा है। इस पर शिक्षा विभाग करीब 64 लाख रुपये खर्च करेगा।
शिक्षा विभाग ने कुछ माह पहले डीईओ से स्कूलों के कमरों और बाउंड्रीवाल समेत अन्य जानकारी मांगी थी। जिससे की ऐसे स्कूलों के भवनों की मरम्मत करवाई जा सके। इस पर जिला शिक्षा विभाग ने कुछ स्कूलों की सूची निदेशालय को भेजी थी। अब विभाग ने उक्त स्कूलों में कमरों की मरम्मत समेत अन्य कार्यों के लिए पैसे जारी कर दिए हैं। बीईओ नारनौल राम अवतार ने बताया कि ब्लॉक के गर्ल्स स्कूल को पैसे मिले हैं। उन्होंने बताया कि कुछेक स्कूलों के भवन पुराने होने से जर्जर हालत मेें हो गए है और मरम्मत कार्य की जरूरत थी।
बता दें कि जिले में कई स्कूलों के भवन वर्षों पुराने होने की वजह से उनकी हालत काफी खस्ता हो गई है। अक्तूबर में अटेली में एक स्कूल के भवन की छत गिर गई थी। इन भवनों की छत चटकी हुई होने की वजह से इनमें बैठकर पढ़ाई करने वाले बच्चे और शिक्षक हमेशा भयभीत रहते हैं। वहीं, बरसात में छत से पानी टपकने से अघोषित छुट्टी भी हो जाती है। दूसरी ओर दीवारों से प्लास्टर झड़ने के कारण भी छात्र और शिक्षकों को परेशानी होती है। ऐसे में खस्ताहाल स्कूलों के लिए जिला शिक्षा विभाग ने 13 स्कूलों के लिए करीब 64 लाख का बजट आवंटित कर दिया है।
ये होंगे कार्य
कमरों की मरम्मत, एसीआर कमरे की मरम्मत, सफेदी कार्य, बाउंड्रीवाल, शौचालय, नई बाउंड्रीवाल का निर्माण समेत अन्य जरूरी कार्य शामिल हैं। कुछेेक स्कूलों की बाउंड्रीवाल टूटी है, उसे ठीक कराया जाएगा। वहीं तीन स्कूलों में बाउंड्रीवाल बनाया जाएगा। इस बाउंड्रीवाल के निर्माण से स्कूल परिसर भी साफ स्वच्छ होंगे और अवांछनीय लोग प्रवेश नहीं कर पाएंगे। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।
19 स्कूलों की ओर से भेजी गई थी डिमांड
पिछले महीने जिले के 19 स्कूलों की ओर से नए कमरों व मरम्मत कार्य के लिए डिमांड भेजी थी। इसमें जीएसएसएस हुडीना में सात कमरे, हमींदपुर में नौ, गहली में तीन, भुंगारका में आठ, बुचावास में आठ, ककराला में पांच, सिहोर में सात, स्याना में दो, बवानिया में छह, खेरी में पांच, बोचडिया में दो व गोकलपुर में दो नए कमरे की जरूरत हैं। इसके अलावा रिपेयर कार्य के लिए सीनियर सेकेंडरी स्कूल नयान में छह कमरे, दुलाना में पांच, कृष्ण नगर में 16, गोद में छह, खटोटी कला में सात व निवाजनगर स्कूल में चार कमरों में मरम्मत की जरूरत है। इन स्कूलों के लिए निदेशालय द्वारा अभी खर्चे की स्वीकृत नहीं मिली है। इन स्कूलों की मरम्म्त के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये की जरूरत है।
वर्जन
13 स्कूलों को पैसे जारी कर दिए गए हैं। इन स्कूलों ने पहले पैसे की मांग की थी। अन्य स्कूलों ने भी मरम्मत कार्य के लिए पैसे की मांग की थी। जल्द उन्हें भी पैसा भेजा जाएगा।
- अजीत सिंह, डीईईओ।
इन स्कूलों को भेजे गए रुपये
स्कूलों के नाम रुपये
जीएसएसएस बिहाली 7,13000
जीजीएसएस दोगड़ा अहीर 606000
जीएसएसएस कनीना 7,15,000
जीएसएसएस महेंद्रगढ़ 3,10,000
जीएसएसएस महेंद्रगढ़ 3,17,000
जीजीएसएसएस नारनौल 1,35000
जीएसएसएस निजामपुर 6,96000
जीजीएसएस सतनाली 4,11,000
जीएसएसएस गवाडी जाट 4,38000
जीएचएस खासपुर 713000
जीएसएसएस जारवा 10,99000
जीएसएसएस कोथल काला 1,59000
जीएसएसएस सेहंलग 11,1000