अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। कस्बा की पुरानी मंडी को जाने वाले रास्ते में रेलवे द्वारा बनाया गये अंडर पास की ऊंचाई महज आठ फुट कर दिये जाने से मंडी में पिकअप जैसे वाहन भी प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं। जिससे नाराज कस्बा के लोग मंगलवार को फाटक पर पहुंच गये। जहां उन्होंने इस कार्य को कर रही एलएनटी कंपनी द्वारा कारीडोर के लिए डाली जा रही पटरी का काम रुकवा दिया तथा चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
ट्रैक पर बैठे लोगों का कहना है कि अटेली के पुराने बस स्टैंड से पुरानी मंडी को जाने वाले मार्ग पर रेलवे फाटक के पास अंडर पास बनाया गया है। अंडर पास की ऊंचाई आठ फुट है जिससे बड़े वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। वाहन नहीं निकलने से पुरानी मंडी में व्यापार ठप हो गया। कस्बा के लोगों का कहना है कि अंडर पास बनाया जा रहा था तब भी उन्होंने इसकी शिकायत की। लेकिन उनकी शिकायत को अनसुना कर दिया गया। फाटक बंद होने से अंडर पास से वाहन निकले तो यह समस्या लोगों के सामने आई। लोगों का कहना है कि यह तो घर में कैद करने जैसा हो गया। इस रास्ते पर ही अस्पताल, थाना, बीडीपीओ कार्यालय, तहसील कार्यालय, ट्रेजरी कार्यालय, स्कूल पड़ते हैं। जिससे लोगों के बहुत से काम प्रभावित होंगे। पुरानी मंडी चौपट हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि बहुत से परिवार यहां व्यवसाय कर अपना जीवन यापन कर रहे है। ऐसे में अगर रास्ते का समाधान नहीं किया जाता है तो लोगों का व्यापार बंद हो जाएगा। अंडरपास के इस काम से नाराज लोगों ने जो कारीडोर के लिए एलएनटी कंपनी रेलवे लाइन बिछा रही है उसको रुकवा दिया। कंपनी कर्मचारियों ने उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत करवा। अधिकारियों ने समाधान करने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग काम कर रही मशीन के आगे से हटे।