ग्रामीणों ने की शराब के ठेके को हटाने की मांग
नारनौल। गांव दौचाना के ग्रामीण महिलाओं व पुरुषों ने शुक्रवार को उपायुक्त डा. गरिमा मित्तल व कराधान व आबकारी विभाग को एक ज्ञापन सौंपकर गांव के बस स्टैंड व सरकारी स्कूल से महज 50 मीटर की दूरी पर खुले शराब के ठेके को हटवाने की मांग की।
अधिकारियों को सौंपे ज्ञापन में पूर्व सरपंच धर्मपाल, पंच संतोष शर्मा, सुशीला देवी, पंच कमला देवी, सुनीता देवी, सुमन लता, कुसुम शर्मा, कांता देवी, पंच अनीता देवी, पंच शीला देवी, पंच प्रवीण बानो, पंच कविता देवी, राम सिंह मास्टर, महेश कुमार, अभय सिंह, अमर सिंह, भरत लाल, मंगतु राम, बाबूलाल आदि ग्रामीणों ने बताया कि गांव दौचाना में टैंपू स्टैंड के पास शराब का ठेका खुला हुआ है। इससे महज 50 मीटर की दूरी पर ही सरकारी स्कूल व एक मंदिर है। नियमानुसार शराब का ठेका सरकारी स्कूल व मंदिर के आस-पास नहीं खुल सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल व मंदिर के नजदीक शराब का ठेका होने के कारण शराबी अक्सर गाली-गलौच करते हैं। इससे स्कूल व मंदिर में आने वाले महिलाओं व स्कूली बच्चों को परेशानी होती है। वहीं कई बार शराबी महिलाओं के साथ भी छेड़छाड़ कर देते हैं। ऐसे में शराब के ठेके का गांव से कही दूर स्थानांतरित किया जाए। ताकि स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों पर इसका प्रभाव न पड़े। वहीं मंदिर आने महिलाओं को भी इनका सामना न करना पड़े। उन्होंने उपायुक्त व कराधान व आबकारी विभाग के नाम एक ज्ञापन सौंपकर उक्त शराब के ठेके का गांव से हटवाने की गुहार लगाई है।