बायोमीट्रिक हाजिरी के साथ होगी परीक्षार्थियों की एंट्री
महेंद्रगढ़। हरियाणा पात्रता परीक्षा (एचटेट) की जिला शिक्षा विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एचटेट की परीक्षा केंद्र पर बायोमीट्रिक अटेंडेंस के साथ एंट्री होगी। यदि बायोमीट्रिक में परीक्षार्थी के फिंगर प्रिंट्स नहीं मिले तो उनको अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से एक घंटा पहले बुलाया गया है ताकि उनको अंदर जाने में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न उठानी पड़े। परीक्षा के अंदर जाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य होगा। बिना आधार कार्ड के केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। जिले में 46 परीक्षा केंद्र बनाए हैं जिनमें 31 महेंद्रगढ़ में और 15 परीक्षा केंद्र नारनौल बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगभग 312 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रथम लेवल की परीक्षा में 46 केंद्रों पर 7573 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे जबकि इन्हीं केंद्रों पर 9625 परीक्षार्थी दूसरे लेवल की परीक्षा देंगे। तीसरे लेवल की परीक्षा में 6746 परीक्षार्थी भाग लेंगे। 23 और 24 दिसंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा में कुल 23944 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों की जांच के लिए 15 उड़नदस्ते जिला शिक्षा अधिकारी ने बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर धारा 144 भी लगाई जाएगी।
नहीं होगा ब्लू टूथ का असर
सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे जिस पर ब्ल्यू टूथ और नेट का कोई असर नहीं होगा। पूरी परीक्षा तीसरी आंखों की नजर में होगी। परीक्षा केंद्रों पर पेपर लाना, ले जाना तथा शील आदि की भी वीडियोग्राफी की जाएगी। परीक्षा केंद्र बायोमीट्रिक मशीन होगी जिस पर विद्यार्थी को अपनी उपस्थिति के लिए अंगूठा लगाना होगा।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए महेंद्रगढ़ में 16 स्कूलों में 31 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक परीक्षा केंद्र आरपीएस स्कूल में 5 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में 4 और श्रीकृष्णा स्कूल में 3 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सूरज स्कूल, टैगोर स्कूल, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शरबती स्कूल, राव जयराम डिग्री कॉलेज में दो-दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। भारतीय डिग्री कॉलेज, भारतीय पॉलीटेक्निक, मॉडर्न स्कूल, संस्कार भारती महिला स्कूल पाली, सूरज डिग्री कॉलेज, राजकीय महिला कॉलेज तथा हैप्पी एवरग्रीन स्कूल में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा नारनौल में कुल 8 स्कूलों में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एमएलएस डीएवी पब्लिक स्कूल और सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 3-3 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सीएल पब्लिक स्कूल, राजकीय कॉलेज रेलवे रोड, यदुवंशी शिक्षा निकेतन पटीकरा में दो-दो और हरियाणा पब्लिक स्कूल, महिला कॉलेज, यदुवंशी इंजीनियरिंग कॉलेज पटिकरा में एक-एक सेंटर बनाया गया है।
-------
जिला शिक्षा विभाग ने एचटेट की सभी तैयारियां पूरी कर ली है। परीक्षा केंद्र में पूरी तरह सख्ती रखी जाएगी। विभाग ने अपने लेवल पर 15 उड़नदस्ते भी बनाए हैं।
-जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावनिया।