महेंद्रगढ़। शहर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिले की प्रक्रिया जारी है। दाखिले के लिए मंगलवार को दूसरी मेरिट सूची जारी हुई। इसमें 120 आवंटित की गई हैं। आवेदक 31 जुलाई तक दाखिला ले सकेंगे।
द्वितीय काउंसिलिंग के तहत एनसीवीटी और एससीवीटी की आवंटित सीटों के लिए दाखिले प्रगति पर हैं। दूसरी सूची में 120 आवेदकों को शामिल किया गया है। इसमें 22 ट्रेड की सीटों पर आवेदक तय सीटों के अनुसार दाखिला ले पाएंगे। पहले दिन संस्थान में 30 आवेदकों ने आकर दस्तावेज सत्यापित कराए और 25 ने दाखिला लिया।
पहली मेरिट सूची में 280 सीटें आवंटित की गई थी। इसमें 137 ने दाखिला लिया है। अब युवाओं को सूची में नाम आने पर दाखिला लेना होगा और अन्यथा आवेदन रद्द हो जाएगा।
मूल दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया
दाखिला नोडल अधिकारी विनोद यादव ने बताया कि मूल दस्तावेजों के सत्यापन के लिए संस्थान में तीन समितियां गठित की गई हैं। आवेदकों को अपने मूल प्रमाण पत्र सत्यापित करवाने के तुरंत बाद शुल्क जमा करना होगा। शुल्क जमा होने के बाद ही उनका दाखिला पूर्ण रूप से कंफर्म माना जाएगा।
वर्जन:
संस्थान में दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब आवेदक तय समय में अपना दाखिला ले सकते हैं। इसके लिए टीमों की ड्यूटी लगाई गई है। आवेदकों के पास फोन और मैसेज किए जा रहे हैं।-संदीप सिंह, इंचार्ज, आईटीआई, महेंद्रगढ़