महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को अब इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। हरियाणा सरकार ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए 13 नए स्वास्थ्य संस्थानों को मंजूरी दी है। इसके तहत 12 गांवों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे, जबकि रामबास गांव के मौजूदा उप-स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बनाया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक इलाज, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि रामबास गांव में उप-स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बदलने की प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है। इसके बाद यहां मरीजों को ओपीडी और सामान्य बीमारियों के इलाज की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए बड़े शहरों या दूर के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
इसके अलावा जिले के छापड़ा सलीमपुर, कनीना, छीलरो, मुंडिया खेड़ा, भड़फ, मोरुंड, नायन, राय मलिकपुर, मुसनोता, चंदपुरा, नांगल नुनिया और सेका गांवों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नए केंद्रों के शुरू होने से महेंद्रगढ़ के दूरदराज के गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं का नेटवर्क मजबूत होगा। इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को प्राथमिक उपचार, नियमित जांच, टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं गांव स्तर पर ही मिल सकेंगी।