नारनौल। खाटू धाम मेले के अंतर्गत लोगों की सुविधा के लिए 7 मार्च से 11 मार्च तक विशेष बस सेवा का संचालन किया गया। इसके तहत नारनौल डिपो से 5 दिनों के दौरान 117 बसों का संचालन किया गया। वहीं करीब 13500 यात्रियों ने खाटू धाम से नारनौल और नारनौल से खाटू धाम तक का सफर तय किया। सबसे ज्यादा बस 9 व 10 मार्च को संचालित की गई। वहीं 11 मार्च को श्रद्धालुओं की संख्या नहीं होने के कारण विशेष बस सेवा का संचालन नहीं किया गया। अब खाटू धाम के लिए पहले की तरह नियमित बसों का संचालन किया जा रहा है।
खाटू धाम मेले के लिए बस सेवा रोडवेज के लिए भी शानदार रही। पांच दिनों में हरियाणा रोडवेज को करीब 16 लाख 40 हजार 785 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। नारनौल से खाटू धाम के लिए प्रति व्यक्ति किराया 140 रुपये निर्धारित किया गया था। वहीं यात्रा करने वालों में हैपी कार्ड धारक और वरिष्ठ नागरिक भी शामिल रहें।
खाटू धाम मेले के लिए विशेष बस सेवा के संचालन की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। बस द्वारा खाटू धाम का सफर तय करने वाले नारनौल निवासी महेश कुमार ने बताया कि बस सेवा एक सराहनीय पहल है, जिसके द्वारा खाटू धाम का सफर सुगमता पूर्वक और कम लागत में संभव हो पाया। वहीं अंशुल ने बताया कि पहले वह ट्रेन द्वारा खाटू धाम तक जाता था, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन इस बार बस से सफर किया और आते व जाते समय सीट उपलब्ध रही।
वर्जन :
लोगों की सुविधा के लिए बसों का संचालन सुचारू रूप से किया गया। विशेष बस सेवा के तहत 117 बसों का संचालन किया। बस सेवा के दौरान नारनौल डिपो व खाटू धाम पर टिकट काउंटर लगाए गए थे। विशेष बस सेवा के दौरान चालक-परिचालक सहित सभी कर्मचारी मुस्तैदी से कार्यरत रहें ताकि लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
सतीश कुमार, सीआई, नारनौल डिपो।